नबरंगपुर: ओडिशा के नबरंगपुर जिले से छात्र उत्पीड़न का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक सेवाश्रम स्कूल के निलंबित हेडमास्टर को सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

आरोपी का नाम है सुकांत कुमार सारंगी (निलंबित हेडमास्टर). वो स्कूल परिसर के भीतर छात्रा के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और उत्पीड़न कर रहा था. छात्रा ने आपबीती अपने परिवार को बताई, जिसके बाद जिला कल्याण अधिकारी (DWO) के पास शिकायत दर्ज कराई गई.

अधिकारियों ने पहले कदाचार के आरोप में सारंगी को निलंबित किया, जिसके तुरंत बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. सोमवार को आरोपी को POCSO (पॉक्सो) कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे जेल भेजने का आदेश दिया.

पुलिस के अनुसार, पीड़िता का बयान भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 183 के तहत दर्ज किया गया है. छात्रा की मेडिकल जांच कराई गई और उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया गया. तेंदुलीखुंटी क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. स्थानीय निवासियों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और आवासीय विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों की मांग की है.

स्थानीय का कहना है “इस तरह की घटनाएं शिक्षा के मंदिर को कलंकित करती हैं. प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आवासीय विद्यालयों में छात्राएं पूरी तरह सुरक्षित महसूस करें.”