० दुमका के जामजोरी गांव में वारदात, निजी स्कूल संचालक की मौत; पुलिस ने शुरू की तलाश
दुमका। झारखंड के दुमका जिले में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। घटना मसलिया थाना क्षेत्र के जामजोरी गांव की है, जहां शनिवार सुबह हुए इस हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतक की पहचान जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड स्थित चापुड़िया गांव निवासी 42 वर्षीय देवराज दत्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देवराज दत्ता फतेहपुर में एक निजी स्कूल का संचालन करता था। उसका जामजोरी गांव की एक विवाहित महिला से कथित प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से महिला के घर पर ही ठहरा हुआ था।
मामला अवैध संबंध के शक से जुड़ा मामला
शनिवार सुबह करीब पांच बजे महिला के पति सुभाष मुर्मू और देवराज के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान सुभाष मुर्मू ने कुल्हाड़ी से हमला कर देवराज की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना गांव के प्रधान ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंध के शक से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।


