रवि गोयल, सक्ती। एकलव्य स्कूल के आदिवासी छात्र की संदिग्ध मौत मामले में कलेक्टर ने 4 सदस्यीय जांच समिति गठित की है। सक्ती एसडीएम, एसडीओपी, बीईओ और बीएमओ को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती को जांच समिति के अध्यक्ष बनाए गए हैं। कलेक्टर ने जांच समिति से 7 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा है। पूरा मामला एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास ग्राम पलाड़ी खुर्द का है।

जानिए पूरा मामला
मृतक छात्र का नाम उमेश कंवर था, जो कक्षा 9वीं में पढ़ता था और ग्राम बासिन का रहने वाला था। गुरुवार सुबह जब अन्य छात्र बाथरूम गए तो इस घटना का खुलासा हुआ। उमेश बाथरूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। स्कूल प्रबंधन ने छात्र को सक्ती अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश है। बताया जा रहा है कि पहले भी स्कूल प्रबंधन की शिकायत लेकर छात्र कलेक्टर कार्यालय गए थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस ने भी छात्र की मौत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


