अजय शास्त्री, बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में संदिग्ध हालात में युवक की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव की है। जहां घर के अंदर से एक 26 वर्षीय युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

परिजनों में मचा हड़कंप

मृतक की पहचान मोहनपुर गांव निवासी महेश सिंह के 26 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई में जुटी है। बताया जा रहा है कि राहुल कुमार रोज की तरह सोमवार को भी गांव में ही था। लेकिन अचानक उसकी मौत की खबर सामने आई, जिससे परिजनों के साथ-साथ पूरे गांव में हड़कंप मच गया है।

युवक के शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान

परिजन फिलहाल घटना को लेकर स्पष्ट कुछ नहीं बता पा रहे हैं, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। युवक के शरीर पर गंभीर चोट और जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये चोटें कैसे आई हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल किसी प्रकार के आपसी विवाद या दुश्मनी की बात सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- बिहार में शिक्षा के मंदिर को बना दिया अवैध शराब का गोदाम, भारी मात्रा में पेटियां देखकर पुलिस भी हो गई हैरान!