Automobile Desk : सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने अपनी लोकप्रिय जिक्सर (Gixxer) सीरीज को नए और आकर्षक रंग-रूप में बाजार में उतार दिया है। भारतीय टू-व्हीलर मार्केट में टीवीएस अपाचे (TVS Apache) और बजाज पल्सर (Bajaj Pulsar) जैसी स्थापित मोटरसाइकिलों को सीधी टक्कर देने के लिए जापानी वाहन निर्माता ने अपनी पूरी रेंज को नया विजुअल मेकओवर दिया है। कंपनी ने जिप्सर पोर्टफोलियो की कुल 5 बाइक्स में नए कलर ऑप्शंस पेश किए हैं, जिससे शोरूम्स में खड़ी यह रेंज पहले से कहीं ज्यादा स्पोर्टी और मॉडर्न नजर आ रही है।

इस नए अपडेट की सबसे खास बात यह है कि कंपनी ने मोटरसाइकिलों के मेकैनिकल स्ट्रक्चर या इंजन सेटअप में कोई फेरबदल नहीं किया है। बाइक्स की परफॉर्मेंस, पावर आउटपुट, ब्रेकिंग और सस्पेंशन सिस्टम पहले की तरह ही बरकरार हैं। सुजुकी ने अपना पूरा ध्यान गाड़ियों के एक्सटीरियर पेंट स्कीम, डुअल-टोन कॉम्बिनेशन और ग्राफिक्स को रिफ्रेश करने पर केंद्रित रखा है। कीमत के मोर्चे पर बात करें तो इस अपडेटेड रेंज की शुरुआती दिल्ली एक्स-शोरूम कीमत 1,37,221 रुपये से शुरू होकर फ्लैगशिप मॉडल के लिए 1,98,476 रुपये तक जाती है।

155cc सेगमेंट में आने वाली नेकेड स्ट्रीटफाइटर Suzuki Gixxer और फुल्ली-फेयर्ड Gixxer SF में नए डुअल-टोन पेंट शेड्स देखने को मिलेंगे। इनमें ‘मेटैलिक ऊर्ट ग्रे’ के साथ ‘पर्ल ब्लेज ऑरेंज’ का नया कॉम्बिनेशन शामिल किया गया है, जो सड़क पर बाइक को काफी अलग और बोल्ड लुक देता है। इसके अलावा, नेकेड जिप्सर में ‘मेटैलिक ट्राइटन ब्लू-ग्लास स्पार्कल ब्लैक’ और ‘ग्लास स्पार्कल ब्लैक-मेटैलिक ऊर्ट ग्रे’ के विकल्प भी दिए गए हैं। वहीं फेयर्ड Gixxer SF को नए ग्रे-ऑरेंज ट्रीटमेंट के साथ ‘पर्ल ग्लेशियर व्हाइट’ और ‘मेटैलिक ट्राइटन ब्लू’ जैसे प्रीमियम शेड्स में भी खरीदा जा सकेगा। जिप्सर SF की शुरुआती कीमत 1,40,729 रुपये तय की गई है।

इन दोनों 155cc मॉडल्स में कंपनी ने पुराना ही भरोसा कायम रखा है। इनमें 155cc का सिंगल-सिलेंडर, OBD-2B एमिशन नॉर्म्स वाला इंजन दिया गया है। यह मोटर 13 hp की अधिकतम पावर और 13.8 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम है। राइडर की सुविधा के लिए फुल LED लाइटिंग सेटअप, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ सुजुकी राइड कनेक्ट ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक और सिंगल-चैनल ABS जैसी सुविधाएं स्टैंडर्ड तौर पर मिलती हैं।

क्वार्टर-लीटर यानी 250cc सेगमेंट में भी सुजुकी ने स्टाइलिंग को नया मोड़ दिया है। Gixxer 250 और Gixxer SF 250 को अब ‘ग्लास स्पार्कल ब्लैक’ और ‘मेटैलिक ऊर्ट ग्रे’ के नए शेड्स में पेश किया गया है। जहां स्ट्रीटफाइटर जिप्सर 250 की शुरुआती कीमत 1,84,517 रुपये है, वहीं इसकी फेयर्ड सिबलिंग जिप्सर SF 250 को 1,92,768 रुपये की शुरुआती कीमत पर बाजार में उतारा गया है।

250cc रेंज की इन दोनों बाइक्स में सुजुकी का पेटेंटेड ऑयल कूलिंग सिस्टम (SOCS) तकनीक वाला 250cc सिंगल-सिलेंडर इंजन इस्तेमाल किया गया है। यह दमदार इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आता है और 26.5 PS की पावर के साथ 22.2 Nm का टॉर्क पैदा करता है। बेहतर राइडिंग सेफ्टी के लिए दोनों बाइक्स में डुअल-चैनल एबीएस सिस्टम दिया गया है। जहां जिप्सर 250 का अपराइट राइडिंग पोस्चर रोजाना के शहर के ट्रैफिक के लिए आरामदायक है, वहीं जिप्सर SF 250 अपने स्पोर्टी क्लिप-ऑन हैंडलबार और एयरोडायनामिक फेयरिंग के साथ हाईवे क्रूज़िंग के शौकीनों को आकर्षित करती है।

इस लाइनअप का सबसे बड़ा आकर्षण फ्लेक्स-फ्यूल से चलने वाली Gixxer SF 250 FFV है, जिसे भी दो नए कलर कॉम्बिनेशन में ढाला गया है। यह बाइक ई85 यानी 85 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर आसानी से दौड़ सकती है। 1,98,476 रुपये की कीमत के साथ यह इस पूरी सीरीज की सबसे प्रीमियम पेशकश है। खास बात यह है कि इसका फ्लेक्स-फ्यूल इंजन सामान्य 250cc मॉडल के मुकाबले थोड़ा अधिक 27 hp की पावर और 22.5 Nm का टॉर्क डिलीवर करता है।

त्योहारी सीजन से ठीक पहले अपनी गाड़ियों को नया लुक देने का सुजुकी का यह फैसला सेल्स के आंकड़ों में भी असर दिखा रहा है। हालिया आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी ने भारतीय बाजार में घरेलू बिक्री में 10.49 प्रतिशत का इजाफा दर्ज करते हुए 1,13,936 यूनिट्स बेची हैं। इस तरह के कॉस्मेटिक अपडेट्स से सुजुकी का मकसद युवा खरीदारों को आकर्षित करना और भारतीय बाजार में 150cc से 250cc बाइक सेगमेंट में अपनी पकड़ को और मजबूत बनाना है।