सत्या राजपूत, रायपुर। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर नगर निगम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। देश में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में 189 अंक प्राप्त कर रायपुर ने 6वां स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही वार्ड स्तर पर भी राजधानी ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
रायपुर में वायु गुणवत्ता में सुधार का असर PM-10 के स्तर में भी देखने को मिला है। वर्ष 2022-23 में रायपुर का PM-10 स्तर 78 µg/m³ दर्ज किया गया था, जो घटकर वर्ष 2025-26 में 64 µg/m³ रह गया। इस तरह तीन वर्षों में PM-10 के स्तर में करीब 14 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। नगर निगम के स्तर पर वायु प्रदूषण को कम करने और स्वच्छ हवा के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर अब सर्वेक्षण की रैंकिंग में भी दिखाई दे रहा है। शहर के साथ-साथ वार्ड स्तर पर भी रायपुर ने बेहतर प्रदर्शन किया है।

वार्ड स्तर की रैंकिंग में वार्ड क्रमांक 42 और वार्ड क्रमांक 30 ने भी स्थान हासिल किया है। इससे शहर में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे स्थानीय स्तर के प्रयासों को भी मजबूती मिली है। PM-10 के स्तर में लगातार आई कमी राजधानी में वायु प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में सकारात्मक संकेत है।

जानिए दस सालों का रिकार्ड
वर्ष पीएम-10 (µg/m³)
2017-18, 70
2018-19, 68
2019-20, 63
2020-21, 55
2021-22, 61
2022-23, 78
2023-24, 76
2024-25, 75
2025-26, 64
वार्ड स्तर पर भी रायपुर नगर निगम का उत्कृष्ट प्रदर्शन
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के राज्य स्तरीय वार्ड रैंकिंग में छत्तीसगढ़ के लिए रायपुर के वार्ड क्रमांक 46 को 30,000 से अधिक आबादी वाली श्रेणी तथा वार्ड क्रमांक 30 को 10,000 से 30,000 आबादी वाली श्रेणी में स्थान मिला है। यह उपलब्धि वार्ड स्तर पर स्वच्छ वायु के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित करती है।
स्वच्छ वायु के लिए किए गए प्रमुख प्रयास
रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा शहर में स्वच्छ वायु एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं।
- पैच रिपेयर वर्क: लगभग 100 किमी सड़कों पर कार्य।
- केनिकल स्वीपिंग: 7 मशीनों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 150 किमी सड़कों की सफाई।
- ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन: शहर में 30 स्टेशन।
- ई-वाहनों की संख्या: लगभग 26,254।
- कचरा ट्रांसफर स्टेशन: शहर में 10 स्टेशन।
- वृक्षारोपण: वर्ष 2025-26 में लगभग 42,000 पौधों का रोपण, जिसमें 3 एकड़ क्षेत्र में 23,000 पौधों का मियावाकी प्लांटेशन भी शामिल है।
रायपुर को स्वस्थ शहर बनाना हमारा लक्ष्य : महापौर
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर का 6वां स्थान प्राप्त करना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि रायपुर नगर पालिक निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और रायपुर नगरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। वार्ड स्तर पर भी रायपुर का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा है। महापौर ने कहा, हमारा लक्ष्य केवल रैंकिंग में सुधार करना नहीं, बल्कि रायपुर को एक स्वच्छ, हरित और स्वस्थ शहर बनाना है। इसके लिए सड़क सफाई, धूल नियंत्रण, हरित क्षेत्र विस्तार, ई-मोबिलिटी तथा जनभागीदारी के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें



