Swiggy Fraud Case : रोहतक: क्रेडिट कार्ड का गुप्त डेटा, टेलीग्राम का जाल और स्विगी पर तीन फर्जी रेस्तरां! किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लगने वाली इस चाल को अंजाम दिया है बीकॉम के एक होनहार छात्र ने। आरोपी छात्र ने महज 9 महीनों के भीतर ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी ‘स्विगी’ (Swiggy) को करीब 30 लाख रुपये की चपत लगा दी। हालांकि, स्विगी की रिस्क मैनेजमेंट टीम की सतर्कता और क्राइम ब्रांच की मुस्तैदी से अब यह शातिर दिमाग सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।
कौशांबी से दबोचा गया आरोपी
एसीपी क्राइम अमित सक्सेना के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गर्वित कुमार के रूप में हुई है। गर्वित मूल रूप से रोहतक (हरियाणा) का रहने वाला है और फिलहाल गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-3 (ए-ब्लॉक) में रह रहा था। बीकॉम फाइनल ईयर के इस छात्र ने कुछ समय पहले टेक महिंद्रा कंपनी के कस्टमर केयर डिपार्टमेंट में भी काम किया था, जहां से उसे कॉलिंग और कस्टमर हैंडलिंग का अच्छा अनुभव मिला।
कैसे रचा ठगी का पूरा चक्रव्यूह?
पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ है, वह किसी को भी हैरान कर सकता है। गर्वित ने बेहद शातिर तरीके से इस फ्रॉड को अंजाम दिया:
- टेलीग्राम से निकाला डेटा: गर्वित ने टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए उन क्रेडिट कार्ड धारकों की लिस्ट निकाली, जिनकी पेमेंट पेंडिंग थी और जिन पर बैंकों ने लेट फीस या चार्ज लगाए हुए थे।
- फर्जी बैंककर्मी बनकर कॉलिंग: इसके बाद वह इन ग्राहकों को फोन करता था और खुद को बैंक अधिकारी बताकर उनके एक्स्ट्रा चार्ज माफ कराने का झांसा देता था।
- कागजों पर खड़ी की 3 रसोई: ग्राहकों से डेटा जुटाने के बाद उसने ‘श्याम की रसोई’, ‘राधा की रसोई’ और ‘खाना खजाना’ नाम से तीन पूरी तरह फर्जी रेस्तरां कागजों पर तैयार किए।
- FSSAI और Swiggy पर रजिस्ट्रेशन: शातिर छात्र ने इन फर्जी रेस्तरां का FSSAI (खाद्य सुरक्षा विभाग) से बकायदा रजिस्ट्रेशन कराया और फिर उन्हें स्विगी ऐप पर लिस्ट कर दिया। इसके बाद वह इन कार्ड्स के जरिए खुद ही ताबड़तोड़ ऑर्डर बुक करने लगा और पैसे सीधे अपने खातों में ट्रांसफर कराता रहा। स्विगी के मैनेजर ने दर्ज कराया केस
करीब 9 महीने तक चले इस खेल में जब स्विगी को भारी वित्तीय नुकसान होने लगा, तो कंपनी की जोखिम प्रबंधक टीम (Risk Management Team) अलर्ट हुई। इंटरनल जांच में फ्रॉड का पता चलते ही स्विगी के मैनेजर बिस्वजीत चौधरी ने 18 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाकर आरोपी गर्वित को कौशांबी इलाके से धर दबोचा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेल में गर्वित के साथ कोई और भी शामिल था या नहीं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



