T20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम को एक के बाद एक दो बड़े झटके लगे हैं। पहले टीम के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ पैट कमिंस टूर्नामेंट से बाहर हो गए और इसके तुरंत बाद पाकिस्तान दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को ऐसी ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ा, जिसने उसकी तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहला झटका: T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए पैट कमिंस

ऑस्ट्रेलिया को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब पैट कमिंस को T20 वर्ल्ड कप 2026 के मुख्य स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया।
कमिंस पीठ के निचले हिस्से की चोट (लम्बर स्ट्रेस इंजरी) से जूझ रहे हैं।
हालांकि उन्हें उम्मीद थी कि वह समय पर फिट हो जाएंगे, इसी वजह से उन्हें प्रारंभिक स्क्वॉड में शामिल किया गया था, लेकिन मेडिकल जांच में पूरी तरह फिट न पाए जाने के कारण चयनकर्ताओं ने उन्हें अंतिम टीम से बाहर रखने का फैसला किया। कमिंस का बाहर होना ऑस्ट्रेलिया के लिए दोहरी मार है, वह न केवल तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण की रीढ़ हैं, बल्कि बड़े टूर्नामेंट में उनका अनुभव भी टीम के लिए बेहद अहम माना जाता है।
दूसरा झटका: पाकिस्तान दौरे पर मिली ऐतिहासिक और शर्मनाक हार

कमिंस के बाहर होने की खबर के बाद ऑस्ट्रेलिया की परेशानियां यहीं खत्म नहीं हुईं। T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से ठीक पहले पाकिस्तान दौरे पर उसे T20I क्रिकेट के इतिहास की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में बीते रविवार को खेले गए तीसरे T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 111 रनों से करारी शिकस्त दी। इस हार के साथ ही पाकिस्तान ने तीन मैचों की सीरीज को 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया।
इसे भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 : अगर नहीं हुआ IND vs PAK मैच तो PCB के डूबेंगे करोड़ों, भारत को मिलेगा ये फायदा
मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 207 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
पाकिस्तानी पारी की कमान संभाली बाबर आज़म ने, जिन्होंने 36 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए और पारी को अंत तक संभाले रखा।
उनका भरपूर साथ दिया सैम अयूब ने शानदार 56 रन की पारी खेली। वहीं शादाब खान ने सिर्फ 19 गेंदों में ताबड़तोड़ 46 रन ठोक दिए। शादाब की पारी में 5 छक्के और 2 चौके शामिल रहे, जिसने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ी की कमर तोड़ दी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया पूरी तरह ढेर
208 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। एक के बाद एक विकेट गिरते चले गए और पूरी टीम 16.5 ओवरों में सिर्फ 96 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान के गेंदबाज़ों ने अनुशासित और आक्रामक गेंदबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। इस तरह पाकिस्तान ने मुकाबला 111 रनों से जीतकर इतिहास रच दिया।
सीरीज में तीनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया की करारी हार
ऑस्ट्रेलिया इस दौरे पर T20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारियों को परखने के इरादे से आया था, लेकिन नतीजे उसके बिल्कुल उलट रहे।
- पहला T20I: पाकिस्तान ने 22 रनों से जीत दर्ज की
- दूसरा T20I: ऑस्ट्रेलिया को 90 रनों से हार का सामना करना पड़ा
- तीसरा T20I: 111 रनों की ऐतिहासिक हार
तीसरे मैच की हार ने ऑस्ट्रेलिया का पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
T20I क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी हारें
| विरोधी टीम | हार का अंतर | स्थान | वर्ष |
|---|---|---|---|
| पाकिस्तान | 111 रन | लाहौर | 2026 |
| इंग्लैंड | 100 रन | साउथैम्पटन | 2005 |
| पाकिस्तान | 90 रन | लाहौर | 2026 |
| न्यूज़ीलैंड | 89 रन | सिडनी | 2022 |
| वेस्टइंडीज | 74 रन | कोलंबो | 2012 |
| भारत | 73 रन | मीरपुर | 2014 |
लगभग 25 साल बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी सबसे बड़ी हार का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
पाकिस्तान का ऐतिहासिक कारनामा
गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को T20I की तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले साल 2018 में UAE में खेली गई सीरीज में पाकिस्तान ने पहली बार यह उपलब्धि हासिल की थी। खास बात यह है कि अपने घरेलू मैदान पर पाकिस्तान ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से हराया, जो टीम के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
वर्ल्ड कप से पहले बढ़ी चिंता
पैट कमिंस का बाहर होना और पाकिस्तान के हाथों रिकॉर्ड तोड़ हार इन दो बड़े झटकों ने साफ कर दिया है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया दबाव में है। अब देखना होगा कि टीम मैनेजमेंट इन हालात से कैसे उबरती है और टूर्नामेंट में कैसी वापसी करती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

