IND vs NZ T20 World Cup 2026 Final: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले का आगाज होने में अब सिर्फ कुछ घंटे बचे हैं और क्रिकेट फैंस की नजरें अहमदाबाद पर टिकी हुई हैं। डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम के पास जहां तीसरी बार इस ट्रॉफी को अपने नाम करने का मौका है, तो वहीं न्यूजीलैंड की नजरें पहली बार ट्रॉफी जीतने पर टिकी हुई हैं।

बता दें कि यह मुकाबला आज शाम 7 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। मुकाबले से पहले आइए भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 इंटरनेशनल के हेड-टू-हेड आंकड़े, नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट, लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स और दोनों टीमों की प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

भारत बनाम न्यूजीलैंड हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

टी20 इंटरनेशनल के ओवरऑल आंकड़ों को देखें तो भारत 16-11 की बढ़त के साथ न्यूजीलैंड पर भारी नजर आता है। लेकिन जैसे ही बात टी20 वर्ल्ड कप की आती है, इतिहास भारतीय फैंस को डराने लगता है। टूर्नामेंट के इतिहास में अब तक भारत और न्यूजीलैंड 3 बार आमने-सामने आए हैं और तीनों ही बार जीत कीवियों के हाथ लगी है।

साल 2007: जोहानिसबर्ग में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रन से हराया था।
साल 2016: नागपुर में न्यूजीलैंड ने 126 रन बनाकर भारत को सिर्फ 79 रन पर समेट दिया था।
साल 2021: पाकिस्तान से हार के बाद भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।

भारतीय टीम के लिए आज का दिन इस ‘ब्लैक कैप्स’ तिलिस्म को तोड़ने का सबसे बड़ा मौका है।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट ?

गौरतलब है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का यह फाइनल मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट के मैदान यानी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मैच से एक दिन पहले दोनों टीमों ने जमकर अभ्यास किया और कप्तानों ने फाइनल में इस्तेमाल होने वाली पिच का बारीकी से निरीक्षण किया। ऐसे में सभी की नजरें भी फाइनल मैच की पिच को लेकर टिकी हुई हैं कि वह बल्लेबाजी के लिए मुफीद होगी या फिर गेंदबाज अपना कमाल दिखाएंगे।

आपको बता दें कि फाइनल मुकाबला स्टेडियम की सेंटर पिच पर खेला जाएगा, जो काली और लाल मिट्टी के मिश्रण से बनी है। इस पिच पर आमतौर पर रन खूब बनते हैं, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिल सकती है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस पिच पर अब तक सिर्फ एक मैच खेला गया है, इसलिए फाइनल में हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद जताई जा रही है।

अहमदाबाद में इस वर्ल्ड कप के दौरान अब तक 6 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 4 में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है। वहीं नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए 17 टी20 इंटरनेशनल में भी 11 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 170–175 रन के आसपास रहता है। भारतीय टीम का इस मैदान पर अच्छा रिकॉर्ड है। टीम इंडिया ने यहां खेले 10 टी20 इंटरनेशनल में से 7 में जीत हासिल की है, जबकि 3 में हार मिली है।

शानदार फॉर्म में है दोनों टीमें

फाइनल से पहले दोनों टीमें शानदार फॉर्म में नजर आ रही हैं। भारत ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 89 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि शिवम दुबे के तेज कैमियो की मदद से टीम इंडिया 253 रन तक पहुंची। इंग्लैंड ने मुकाबले में कड़ी टक्कर दी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत दिलाई।

वहीं न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को एकतरफा मुकाबले में हराया। 170 रनों के लक्ष्य को कीवी टीम ने सिर्फ 12.5 ओवर में 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मैच में फिन एलन ने 33 गेंदों में शतक जड़ते हुए टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

ऐसे में फाइनल में मुकाबला काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है। भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत बल्लेबाजी और घरेलू परिस्थितियों का फायदा है। वहीं न्यूजीलैंड के पास फिन एलन और टिम सीफर्ट की विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी है, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण पर भारी पड़ सकती है।

इसे भी पढ़ें : IND vs NZ Final: फाइनल से पहले मिचेल सैंटनर ने दी ये वॉर्निंग, कप्तान सूर्या ने ले लिए मजे, अपने प्लान का खुलासा भी किया

हालांकि कीवी टीम का मध्यक्रम थोड़ा कमजोर नजर आया है। डेरिल मिचेल और मार्क चैपमेन इस टूर्नामेंट में अब तक संघर्ष करते दिखे हैं। गेंदबाजी में रचिन रविंद्र की स्पिन और मैट हेनरी की स्विंग भारतीय बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है।

अहमदाबाद में भारतीय टीम के पास इतिहास रचने का मौका

अहमदाबाद में जीत के साथ ही भारतीय टीम इतिहास रच सकती है। अगर भारत फाइनल जीतता है तो वह लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगा। इसके साथ ही भारत तीन टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाला पहला देश बनने की दहलीज पर भी खड़ा है।

अब नजरें इस बात पर हैं कि क्या सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत 2023 की हार के जख्मों पर मरहम लगाएगा या फिर न्यूजीलैंड एक बार फिर भारत के लिए बाधा बनेगा। इसका फैसला आज रात अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में करीब 1.3 लाख दर्शकों के बीच होगा।

भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत की संभावित प्लेइंग-11

संजू सैसमन, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह।

न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग-11

टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन।

मैच कहां देखें लाइव? (IND vs NZ, T20 World Cup 2026 Final)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप के इस फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगी।

मोबाइल पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगी। अगर आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करें। पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें, ताकि बिना रुकावट मैच देखा जा सके। इसके साथ ही Lalluram.com वेबसाइट पर भी आप मैच का लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H