India vs Namibia T20 World Cup 2026 : टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच जारी है. अब तक 15 मैच हो चुके हैं. 12 फरवरी यानी आज कुल तीन मैच होंगे. दिन का तीसरा यानी आखिरी मुकाबला भारत और नामीबिया के बीच है. टीम इंडिया ने पहले मैच में अमेरिका को मात देकर जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया था. पहले मैच में जीत के हीरो सूर्यकुमार यादव थे, जिन्होंने 49 गेंदों पर 10 चौके और 4 छक्कों के दम पर नाबाद 84 रन बनाए थे. दूसरे मुकाबले में जब कप्तान साहब मैदान पर उतरेंगे, तो इतिहास रच सकते हैं. उनके पास विराट कोहली और युवराज जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है.

भारत और नामीबिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मुकाबला होना है. सूर्यकुमार यादव इस मुकाबले में एक-दो नहीं बल्कि 5 खास उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं.

सूर्यकुमार यादव बना सकते हैं ये 5 दमदार रिकॉर्ड

  1. पहला रिकॉर्ड- सूर्यकुमार यादव टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में युवराज को पीछे छोड़ सकते हैं. युवराज ने 31 मैचों में 593 रन किए थे, जबकि सूर्या 19 मैचों में 564 रन बना चुके हैं. उन्हें युवराज से आगे निकलने के लिए 30 रन चाहिए.
  2. दूसरा रिकॉर्ड- टी20 क्रिकेट में सूर्या नंबर 3 पर खेलते हुए 3000 रन पूरे कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें सिर्फ 14 रन की जरूरत है.
  3. तीसरा रिकॉर्ड- सूर्यकुमार यादव एशिया में 8000 रन पूरे कर सकते हैं. उन्हें सिर्फ 50 रनों की दरकार है. ये ओवरऑल टी20 क्रिकेट के आंकड़े हैं.
  4. चौथा रिकॉर्ड- टी20 इंटरनेशनल में 2000 रन पूरे करने के लिए सूर्यकुमार यादव को सिर्फ 25 रनों की जरूरत है. नामीबिया के खिलाफ वो ये उपलब्धि भी हासिल कर सकते हैं.
  5. पांचवां रिकॉर्ड- सूर्यकुमार यादव अपने घर में सबसे ज्यादा फिफ्टी जमाने के मामले में विराट कोहली को पछाड़ सकते हैं. टी20 इंटरनेशनल में कोहली ने भारत में 14 फिफ्टी जमाई थीं. सूर्या भी 14 बार ये कमाल कर चुके हैं. अगर वो नामीबिया के खिलाफ अर्धशतक मारते हैं, तो नंबर एक पर काबिज हो जाएंगे.

कैसा है सूर्यकुमार यादव का टी20 इंटरनेशनल करियर?

दाएं हाथ के विस्फोटक बैटर सूर्यकुमार यादव टी20 टीम के कप्तान हैं. अपने डेब्यू के बाद से ही सूर्या ने एक से बढ़कर एक पारियां खेली हैं. साल 2025 में उनका बल्ला खामोश था, लेकिन 2026 के आगाज में उन्होंने पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाए, फिर टी20 विश्व कप के पहले मैच में 84 रनों की मैच-विनिंग पारी खेली थी. ये खिलाड़ी भारत के लिए अब तक 105 मैच खेलकर 3114 रन बना चुके हैं, जिनमें 4 शतक और 25 फिफ्टी शामिल हैं.