India vs West Indies Head To Head Record: टी20 विश्व कप 2026 में आज का दिन बेहद खास है. सेमीफाइनल की तीन टीमें इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका तय हो चुकी हैं. चौथी टीम का फैसला भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले सुपर 8 के आखिरी मैच से होगा. यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स के मैदान पर होना है. ‘करो या मरो’ की इस जंग में जो भी टीम बाजी मारेगी, वो टीम टॉप 4 में एंट्री कर जाएगी. इस मुकाबले से पहले एक ऐसा आंकड़ा सामने आया है, जिसने भारतीय फैंस की चिंता बढ़ा दी है. ये आंकड़ा टी20 विश्व कप के इतिहास और ईडन गार्डन्स के मैदान से जुड़ा है, जिसमें विंडीज का पलड़ा भारी दिख रहा है.

इतिहास उठाकर देखें तो भले ही द्विपक्षीय सीरीज में टीम इंडिया का पलड़ा भारी है, लेकिन जब बात वर्ल्ड कप के बड़े मंच की आती है, तो कैरेबियाई धुरंधर अलग ही रंग में दिखते हैं और टीम इंडिया पर भारी पड़ते हैं. सेमीफाइनल की टिकट के लिए होने वाले इस महामुकाबले से पहले जानिए आखिर क्यों फैंस की धड़कनें बढ़ी हुई हैं.

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और विंडीज के बीच अब तक कुल 4 मैच खेले गए हैं. इनमें से 3 बार वेस्टइंडीज ने बाजी मारी, जबकि एक जीत भारत के खाते में आई. ये आंकड़े बता रहे हैं कि वर्ल्ड कप में टीम इंडिया पर विंडीज का दबदबा साफ रहा है. यही चिंता भारतीय फैंस को खाए जा रही है. इस एडिशन में विंडीज ने कमाल का खेल दिखाया है, ऐसे में सूर्या ब्रिगेड शाई होप की सेना को हल्के में लेने की गलती बिल्कुल नहीं करेगी.

टी20 वर्ल्ड कप में IND vs WI के बीच हुए 4 मैच

साल 2009- वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 7 विकेट से हार का स्वाद चखाया था.

साल 2010- वेस्टइंडीज ने 14 रनों से बाजी मारी थी और टीम इंडिया को दूसरी हार दी थी.

साल 2014- इस बार टीम इंडिया ने 7 विकेट से बाजी मारी थी.

साल 2016- यह उस एडिशन का सेमीफाइनल मैच था, जिसमें वेस्टइंडीज ने 7 विकेट से एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम इंडिया को हरा दिया था.

हेड टू हेड रिकॉर्ड में टीम इंडिया का जलवा

जब हम ओवरऑल टी20 में हेड टू हेड रिकॉर्ड देखते हैं तो टीम इंडिया का पलड़ा भारी है. इन दोनों देशों के बीच अब तक 30 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें से भारत ने 19 जीते, जबकि 10 मैच विंडीज ने जीते. एक मुकाबला रद्द रहा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H