IND vs WI T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 स्टेज के अंतिम मुकाबले में भारत और वेस्टइंडीज की टीमें आमने-सामने हैं। कोलकाता के इडेन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, वेस्टइंडीज ने ब्रैंडन किंग की जगह अकील हुसैन आए हैं।
बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच करो या मरो वाले इस मुकाबले की शुरुआत आज शाम 7 बजे से होगी, लेकिन उससे पहले आइए दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, इडेन गार्डन्स की पिच रिपोर्ट, लाइव स्ट्रीमिंग और दोनों टीमों की प्लेइंग-11 समेत मैच से जुड़ी हर जरूरी अपडेट पर एक नजर डालते हैं।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और वेस्टइंडीज का प्रदर्शन

ICC Men’s T20 World Cup के इस एडिशन में भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया है। ग्रुप स्टेज में टीम इंडिया अपने ग्रुप में शीर्ष पर रही, जबकि वेस्टइंडीज ने भी ग्रुप C में पहला स्थान हासिल किया। सुपर-8 राउंड में दोनों टीमों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है — एक मैच में जीत और एक में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में यह मुकाबला सेमीफाइनल की दौड़ के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
इडेन गार्डन स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

कोलकाता का ईडन गार्डन्स हमेशा से संतुलित पिच के लिए जाना जाता है, जहां तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को मदद मिलती है। हालांकि टी20 क्रिकेट में यहां अक्सर रनों की बरसात देखने को मिलती है। मैदान की छोटी बाउंड्री बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने में सहूलियत देती है, इसी वजह से इसे बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग भी कहा जाता है।
भारत ने यहां अब तक वर्ल्ड कप में एक मैच खेला है और उसमें जीत दर्ज की है। दूसरी ओर वेस्टइंडीज ने कोलकाता में खेले अपने तीनों वर्ल्ड कप मुकाबले जीते हैं। मौजूदा टूर्नामेंट में विंडीज टीम यहां दो बार खेल चुकी है, जबकि टीम इंडिया इस वर्ल्ड कप में पहली बार इस मैदान पर उतरेगी। गौर करने वाली बात ये भी है कि वेस्टइंडीज की टीम ने कोलकाता में कभी टी-20 वर्ल्ड कप मैच नहीं हारी है। 2016 में ईडन गार्डन्स स्टेडियम में ही टीम ने इंग्लैंड को फाइनल हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।
भारत-वेस्टइंडीज का सुपर-8 मुकाबला उसी पिच पर खेला जाएगा, जहां स्कॉटलैंड और इटली के बीच मैच हुआ था। उस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207 रन बनाए थे, जबकि इटली की टीम 134 रन पर सिमट गई थी।
कोलकाता में अब तक 17 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 9 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते, जबकि 8 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने अपने नाम किए। यहां का सर्वोच्च टीम स्कोर 207/4 है, जो स्कॉटलैंड ने इटली के खिलाफ बनाया था।
पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते 4 मैच
इस वर्ल्ड कप में यहां अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं। 4 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते, जबकि सिर्फ 1 मैच में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सफल रही। दिन में खेले गए 2 मैच और रात में हुए 3 मुकाबलों में भी ज्यादातर जीत पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों को मिली है।
मौसम अपडेट
कोलकाता में आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शकों को पूरे 40 ओवर का रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि मैच के दौरान तापमान 25–26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड: किसका पलड़ा भारी?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 इंटरनेशनल में मुकाबलों की शुरुआत 2009 के टी20 वर्ल्ड कप से हुई थी। अब तक दोनों टीमें कुल 30 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें भारत ने 19 मैच जीते हैं, वेस्टइंडीज ने 10 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि 1 मैच बेनतीजा रहा।
10 साल पूरानी हार का हिसाब चूकता करने उतरेगा भारत

हालांकि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। दोनों टीमें वर्ल्ड कप में 4 बार भिड़ी हैं, जिनमें से 3 मैच विंडीज ने जीते हैं और भारत को सिर्फ 1 जीत मिली है। आखिरी बार दोनों टीमें 2016 के सेमीफाइनल में आमने-सामने आई थीं, जहां वेस्टइंडीज ने 193 रनों का लक्ष्य सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। ऐसे में सुपर-8 का यह मुकाबला रोमांच से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है।
क्या है सेमीफाइनल में पहुंचने का गणित?

सुपर 8 में ग्रुप ए की अंक तालिका पर नजर डालें तो टीम इंडिया फिलहाल 2 अंकों और -0.100 के नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं, वेस्टइंडीज के भी 2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (+1.791) के कारण वह दूसरे पायदान पर बनी हुई है।
मौजूदा समीकरण के अनुसार दोनों टीमों के लिए स्थिति लगभग समान है, क्योंकि अंक बराबर हैं। ऐसे में जो भी टीम अगला मुकाबला जीतेगी, वह सीधे सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लेगी। हालांकि, अगर मैच बारिश की भेंट चढ़ जाता है और रद्द हो जाता है, तो फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। उस स्थिति में बेहतर नेट रन रेट वाली टीम को फायदा मिलेगा।
भारत और वेस्टइंडीज दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत की प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह
वेस्टइंडीज की प्लेइंग 11
शाई होप (कप्तान/विकेट कीपर), रोस्टन चेस, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोटी, शमर जोसेफ
मैच कहां देखें लाइव? (IND vs WI T20 World Cup 2026)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 चरण के इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध है।
मोबाइल पर ऑनलाइन स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध है। अगर आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करें। पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें, ताकि बिना रुकावट मैच देखा जा सके। इसके साथ ही Lalluram.com वेबसाइट पर भी मैच का लाइव स्कोर उपलब्ध है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


