India vs England: टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में एंट्री कर ली है. वानखेड़े के मैदान पर उसने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया. इस मैच में छक्कों का तूफान आया और एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया.

T20 World Cup 2026: टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है. उसने चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में एंट्री कर ली है. सूर्या ब्रिगेड ने मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में अंग्रेजों को 7 रनों से हराया और फाइनल में एंट्री की. यह लगातार दूसरा मौका है जब टीम इंडिया ने फाइनल का सफर तय किया है. आखिरी बार 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ना सिर्फ फाइनल में पहुंची थी, बल्कि खिताब जीतने में भी सफल रही थी. अब टीम इंडिया फाइनल में 8 मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा. कप्तान सूर्या की पूरी कोशिश होगी कि टीम इंडिया अपना खिताब डिफेंड करे और इतिहास दोहराए.

वानखेड़े में खेले गए सेमीफाइनल में छक्कों की बारिश हुई. जिसके चलते यह मैच क्रिकेट के इतिहास में ‘सिक्सर किंग’ मुकाबले के रूप में दर्ज हो गया है. दोनों टीमों ने मिलकर इतने छक्के लगा दिए कि 19 साल का इतिहास बदल गया और नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया. आज से पहले तक टी20 विश्व कप के एक मुकाबले में 31 छक्के लगे थे. यह मुकाबला इसी एडिशन में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच हुआ था, लेकिन अब इंग्लैंड और भारत के बीच हुए दूसरे सेमीफाइनल में कुल 34 छक्के लगे और यह रिकॉर्ड टूट गया.

T20 WC मैच में सबसे ज़्यादा छक्के

34- भारत बनाम इंग्लैंड, मुंबई WS, 2026 SF*
31- वेस्टइंडीज बनाम जिम्बाब्वे, मुंबई WS, 2026
30- नीदरलैंड बनाम आयतरलैंड, सिलहट, 2014
28- भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई, 2026
25- इंग्लैंड बनाम इटली, कोलकाता, 2026

19 साल का इतिहास बदल गया

टीम इंडिया ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए थे, जिसमें 19 छक्के शामिल थे. 254 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने भी 7 विकेट खोकर 246 रन बना दिए. इंग्लैंड की तरफ से 15 छक्के लगे. इस तरह मैच में कुल 34 छक्के लग गए. ऐसा 2007 से लेकर 2024 के सीजन में कभी नहीं हुआ था, लेकिन इस एडिशन में यह कमाल हो गया है. सेमीफाइनल में 254 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम को जीत के लिए आखिरी ओवर में 30 रन चाहिए थे, लेकिन सिर्फ 22 रन ही बन सके और उन्हें 7 रनों से हार मिली.

संजू और बेथेल ने मिलकर मारे 14 छक्के

इस मुकाबले में भारत के लिए जहां संजू सैमसन ने 42 बॉल पर 8 चौके और 7 छक्के उड़ाए, तो वहीं इंग्लैंड की ओर से सबसे सफल बल्लेबाज जैकब बेथेल रहे, जिन्होंने सेमीफाइनल में शानदार शतक जड़ा. जैकब बेथेल ने 48 गेंदों पर 7 छक्कों की मदद से 105 रन बनाए. यह उनके T20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक रहा. मगर बेथेल के इस शतक के बावजूद इंग्लैंड की टीम जीत से दूर रह गई. संजू और बेथेल के छक्के जोड़ लें तो कुल 14 होते हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H