Team India T20 Captain: भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का भविष्य सवालों के घेरे में आ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चयनकर्ता टी20 टीम के लिए नए कप्तान की तलाश में हैं और इस दौड़ में श्रेयस अय्यर सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। ऐसे संकेत भी मिल रहे हैं कि आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले कप्तानी को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।

खराब फॉर्म बनी सबसे बड़ी वजह
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता और लगातार आठ द्विपक्षीय टी20 सीरीज के साथ 2025 एशिया कप भी अपने नाम किया। बावजूद इसके उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन पिछले कुछ समय से उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। टी20 वर्ल्ड कप में भी वह बल्लेबाजी से खास प्रभाव नहीं छोड़ सके, जबकि आईपीएल 2026 में 13 मैचों में सिर्फ 270 रन ही बना पाए।
इसी प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ता और टीम प्रबंधन अब भविष्य की रणनीति पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, अंतिम निर्णय लेने से पहले चयन समिति, बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट हेड कोच गौतम गंभीर से भी चर्चा करेंगे।
अगले दो वर्ल्ड कप पर BCCI की नजर

सूत्रों के मुताबिक, चयनकर्ताओं की प्राथमिकता केवल अगली टी20 सीरीज नहीं बल्कि आगामी दो टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए एक दीर्घकालिक कप्तान चुनना है। टीम प्रबंधन ऐसे खिलाड़ी को जिम्मेदारी सौंपना चाहता है जो लंबे समय तक टीम का नेतृत्व कर सके और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार कर सके।
श्रेयस अय्यर सबसे बड़े दावेदार

कप्तानी की रेस में श्रेयस अय्यर सबसे आगे बताए जा रहे हैं। आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उनकी कप्तानी ने काफी प्रभावित किया है। इसके अलावा हाल के समय में उनका बल्लेबाजी प्रदर्शन भी शानदार रहा है। टीम प्रबंधन उन्हें टी20 टीम में नंबर-4 बल्लेबाज के रूप में भी देख रहा है। ऐसे में अगर उन्हें कप्तानी मिलती है तो भारतीय टीम के मध्यक्रम में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
हालांकि श्रेयस के अलावा तिलक वर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं।
रोहित शर्मा के बाद संभाली थी कमान
सूर्यकुमार यादव को जुलाई 2024 में भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। उन्होंने रोहित शर्मा की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। उस समय वह टी20 इंटरनेशनल में दुनिया के नंबर-1 बल्लेबाज थे और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में गिने जाते थे। कप्तानी की दौड़ में उन्होंने हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ा था।
‘मिस्टर 360’ का शानदार रिकॉर्ड

मार्च 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सूर्यकुमार यादव को उनकी अनोखी बल्लेबाजी शैली के कारण ‘मिस्टर 360 डिग्री’ कहा जाता है। उन्होंने 2022 और 2023 में लगातार दो बार ICC T20I प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीता। लंबे समय तक वह आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज भी रहे।
भारत के लिए 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सूर्यकुमार ने 3272 रन बनाए हैं। उनके नाम 4 शतक और 25 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि सर्वोच्च स्कोर 117 रन रहा है। हालांकि हालिया फॉर्म में गिरावट के कारण अब उनकी कप्तानी और टीम में जगह दोनों पर चर्चा तेज हो गई है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

