अभिषेक सेमर, तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में दशहरा की रात दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम पंचायत पूरा में हुई इस घटना में लाठी-डंडों से मारपीट के दौरान एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई गई है, जिसे इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने तखतपुर थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

मामूली विवाद के बाद शुरू हुई मारपीट
मिली जानकारी के मुताबिक, दशहरा की रात गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान लाठी-डंडों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। मारपीट में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए।

सभी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिम्स में भर्ती कराया गया।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद दोनों पक्ष तखतपुर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन-तीन नामजद लोगों सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फिलहाल विवाद की असली वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस बोली- जांच जारी, जल्द होगी गिरफ्तारी
तखतपुर थाना प्रभारी पीएसआई कमल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों ओर से तीन-तीन नामजद लोगों समेत अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

