हिसार: तलवंडी रूक्का हत्याकांड में हिसार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात के बाद आरोपियों को शरण देने वाले दो अन्य लोगों को भी काबू किया है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने हत्या की वारदात से जुड़े मुख्य आरोपियों के साथ उनके मददगारों पर भी शिकंजा कस दिया है।
पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धांत जैन, IPS के निर्देश पर CIA हिसार की टीम मामले में लगातार कार्रवाई कर रही थी। आजाद नगर थाना क्षेत्र के तलवंडी रूक्का में घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग महावीर सिंह पर तीन युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल महावीर सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
अंतर्जातीय विवाह को लेकर थी रंजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे मृतक के बेटे के अंतर्जातीय प्रेम विवाह को लेकर चली आ रही रंजिश प्रमुख वजह थी। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने महावीर सिंह को निशाना बनाया। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पुनीत पुत्र भागीरथ निवासी रावतखेड़ा और अंकित पुत्र जगदीश निवासी चिड़ौद को गिरफ्तार किया। इसके अलावा वारदात में शामिल अन्य आरोपी राहुल पुत्र धर्मपाल निवासी असरांवां और सौरभ पुत्र देवी लाल निवासी खरखड़ी को भी काबू किया गया।
हत्या के बाद आरोपियों को मिली थी पनाह
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपियों को छिपने में मदद करने वाले लोगों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने राहुल और सौरभ को हत्यारोपियों को शरण देने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों को कहां और किस तरह छिपाया गया तथा उन्हें फरार होने में किस-किस व्यक्ति ने मदद की।
हथियार उपलब्ध कराने वाला भी गिरफ्तार
CIA टीम ने वारदात में इस्तेमाल हथियार उपलब्ध करवाने के आरोप में मनोज पुत्र ताराचंद निवासी चिड़ौद को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में आरोपियों के संपर्कों और वारदात से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग पर बोला था हमला
बताया गया कि महावीर सिंह रात के समय अपने घर के बाहर चौतरे पर सो रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवकों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच के साथ मानवीय सूचना तंत्र की मदद ली। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात की पूरी कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सके।
एसपी सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के साथ-साथ अपराधियों को शरण देने और वारदात में सहयोग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- ‘फैमिली फंक्शन या धर्मांतरण का खेल?’ अनूपपुर में पास्टर के घर जुटी दूसरे राज्यों की भीड़, मौके पर पहुंची पुलिस
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर फिर खूनी पथराव: झाबुआ सीमा में आधा दर्जन से ज्यादा वाहन निशाने पर, NHAI ने की घटना की पुष्टि
- पंजाब कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह विक्की को जान से मारने की धमकी, मूसेवाला और पिता पर बयानबाजी से रोकने की दी नसीहत
- ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से ट्रेड शो, अमित शाह करेंगे उद्घाटन; 25 ई-बसें चलेंगी
- JPSC Exam Scam: बिना टेंडर TDPL को मिला जेपीएससी परीक्षा संचालन का काम, झारखंड हाईकोर्ट में CID ने खोली घोटाले की पोल



