भुवनेश्वर। तमिलनाडु के एक सीफूड प्रोसेसिंग यूनिट में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में ओडिशा के मृतक श्रमिकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। इलाज के दौरान ओडिशा के क्योंझर जिले की 21 वर्षीय अंजलि जुआंग की मौत हो गई। इस बीच हादसे की जांच में नाबालिग लड़कियों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी दिलाने का सनसनीखेज मामला भी सामने आया है।
मृतका की पहचान क्योंझर जिले के हरिचंदनपुर ब्लॉक के खराबा गांव निवासी अंजलि जुआंग के रूप में हुई है। उनकी मौत के बाद इस हादसे में जान गंवाने वाले ओडिशा के श्रमिकों की संख्या 14 पहुंच गई है।

हादसे के बाद ओडिशा श्रम विभाग ने तेलकोई थाना में श्रमिक ठेकेदार श्रीकांत जुआंग (रंगामाटिया गांव निवासी) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार ने नाबालिग लड़कियों को तमिलनाडु की फैक्ट्री में नौकरी दिलाने के लिए आधार कार्ड समेत अन्य पहचान दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा किया।
सहायक श्रम अधिकारी, तेलकोई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ठेकेदार ने अक्टूबर 2025 में बेहतर वेतन और रोजगार का लालच देकर कई श्रमिकों को तमिलनाडु भेजा था। इनमें कई नाबालिग लड़कियां भी शामिल थीं। आरोप है कि उन्हें नौकरी दिलाने के लिए वयस्क महिलाओं के आधार कार्ड और पहचान पत्र का इस्तेमाल कर उनकी उम्र अधिक दिखाकर नियुक्ति कराई गई।
जांच में सामने आया कि रंगामाटिया गांव की नाबालिग यामिनी जुआंग को बलानिपासी गांव की वयस्क महिला पार्वती जुआंग की पहचान पर फैक्ट्री में काम दिलाया गया था। अमोनिया गैस रिसाव की चपेट में आने से यामिनी की भी मौत हो गई थी।
श्रम विभाग ने पुलिस से अवैध प्रवासी श्रमिक भर्ती, मानव तस्करी, नाबालिगों से खतरनाक कार्य कराने, पहचान दस्तावेजों की जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोपों की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। मामले की गहन जांच के लिए पुलिस की एक विशेष टीम जल्द ही तमिलनाडु रवाना होगी।
गौरतलब है कि 21 जून को तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के निकट कन्निगाइपैर गांव स्थित एक निजी सीफूड प्रोसेसिंग एवं निर्यात इकाई में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था। उस समय फैक्ट्री में ओडिशा, असम और झारखंड के करीब 120 प्रवासी श्रमिक काम कर रहे थे। जहरीली अमोनिया गैस के संपर्क में आने से श्रमिकों को सांस लेने में तकलीफ, चक्कर और आंखों में जलन की शिकायत हुई, जबकि कई श्रमिक फैक्ट्री के अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

