झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले में KMP एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। बादली-बुपनिया के पास सल्फ्यूरिक एसिड से भरा टैंकर पुल से करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ड्राइवर टैंकर के अंदर फंस गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर-रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को टैंकर से बाहर निकाला। इसके बाद उसे एंबुलेंस से झज्जर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। वह करनाल क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।
टैंकर से सल्फ्यूरिक एसिड का रिसाव
हादसे के बाद टैंकर से सल्फ्यूरिक एसिड का रिसाव शुरू हो गया। केमिकल सड़क के आसपास और खेतों तक फैल गया। एसिड के रिसाव को देखते हुए मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।
फायर-रेस्क्यू टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला और रिसाव को नियंत्रित करने का काम शुरू किया। पुलिस और राहत टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टैंकर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे कैसे गिरा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
