फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के गांव मच्छगर में करंट लगने से 20 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान तान्या के रूप में हुई है, जो दिल्ली की रहने वाली थी। वह अपने मामा की बरसी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ ननिहाल आई हुई थी। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।
कपड़े प्रेस करते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, सुबह घर के सभी सदस्य बरसी की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान तान्या कमरे में कपड़े प्रेस कर रही थी। अचानक तेज चीख सुनाई दी। जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो वह बेहोश पड़ी मिली। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
एक दिन पहले ही गांव पहुंचा था परिवार
मृतका के मामा जयवीर ने बताया कि उनका परिवार दिल्ली में रहता है। बरसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी लोग एक दिन पहले ही गांव मच्छगर पहुंचे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों और श्रद्धांजलि के बीच ऐसा दर्दनाक हादसा हो जाएगा।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
हादसे की सूचना मिलने पर आईएमटी चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने बीके अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी जयसिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में करंट लगने से मौत की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


