तरावड़ी। फसल की खरीद और उठान व्यवस्था में कथित अव्यवस्था से नाराज किसानों ने सोमवार को तरावड़ी अनाज मंडी में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने मंडी में फसल के समय पर उठान नहीं होने का आरोप लगाते हुए मंडी के मुख्य गेट और मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़ दिया। इस दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताते हुए जल्द समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

किसानों का कहना है कि मंडी में फसल की आवक लगातार जारी है, लेकिन समय पर उठान नहीं होने के कारण मंडी में फसल के ढेर बढ़ते जा रहे हैं। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने और उसे सुरक्षित रखने को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों ने आरोप लगाया कि अनाज मंडियों में राइस मिलर समय पर नहीं पहुंच रहे हैं, जिसके चलते खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसके अलावा किसानों को समय पर पर्याप्त बारदाना उपलब्ध नहीं करवाए जाने की शिकायत भी सामने आई है।

किसानों ने प्रशासन से मांग की कि मंडी में जमा फसल का जल्द उठान करवाया जाए और राइस मिलरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाने की भी मांग की गई।

किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों के प्रदर्शन के चलते मंडी की व्यवस्था पर भी असर पड़ा।