कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। समाजवादी चिंतक और लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघु ठाकुर ने अमेरिका से दिल्ली पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को लेकर कहा -यह कोई राजनैतिक बदलाव नहीं, बल्कि एक कॉरपोरेट कूप (तख्तापलट) और प्लानिंग है। उन्होंने सोशल मीडिया फॉलोअर्स पर सवाल उठाते हुए कहा, “हम 60 साल से राजनीति में हैं, हमारे 6000 फॉलोअर्स नहीं बने, लेकिन यहाँ एक दिन में 60 लाख फॉलोअर्स बन जाते हैं। यह कॉर्पोरेट और पैसे का खेल है।” उन्होंने कहा कि ‘जैन जी’ (Gen Z – युवा पीढ़ी) के नाम पर बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल में जो बदलाव हुए, वहां के हालात आज बेहद खराब हैं।

मदरसे से बच्चे गायब होने की CBI जांच की मांग

मध्यप्रदेश के मंदसौर स्थित मदरसे से करीब 100 बच्चों के मिसिंग (गायब) होने की आशंका पर रघु ठाकुर ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बच्चों का गायब होना असामान्य घटना है, जिसकी तत्काल सीबीआई (CBI) जांच होनी चाहिए। साथ ही, इस मदरसे को मंजूरी देने वाले और कभी जांच न करने वाले लापरवाह अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

UCC और नीट परीक्षा पर सरकार को घेरा

समान नागरिक संहिता (UCC): रघु ठाकुर ने कहा कि वे डॉ. राममनोहर लोहिया के समय (1950) से ही देश में समान नागरिकता कानून के पक्ष में हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि पहले इसका आधिकारिक दस्तावेज जारी किया जाए ताकि देश में सही चर्चा हो सके।

NEET गड़बड़ी: नीट परीक्षा में हुई धांधली को सरकार की बड़ी असफलता बताते हुए उन्होंने कहा कि देश के शिक्षा मंत्री को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रधानमंत्री को ‘मन की बात’ में इस विषय पर बोलना चाहिए था, क्योंकि इस तनाव के कारण 17 छात्र आत्महत्या कर चुके हैं।

एमपी राज्यसभा चुनाव और TMC में कलह

मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में बीजेपी द्वारा तीसरी सीट पर प्रत्याशी उतारने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में चल रही अंतर्कलह ही भाजपा को मौका दे रही है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन को एक पढ़ी-लिखी और सर्वोदयी दृष्टिकोण वाली अच्छी प्रत्याशी बताया। वहीं, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर चल रहे असंतोष पर रघु ठाकुर ने कहा कि यह विरोध ममता बनर्जी का नहीं, बल्कि उनके भतीजे यानी ‘परिवारवाद’ के खिलाफ है, जिसका वे स्वागत करते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m