Lifestyle. शाम के समय हल्की-फुल्की भूख लगते ही अक्सर मन कुछ गरमागरम, कुरकुरा और मसालेदार खाने का करता है। अगर आप रोज-रोज बनने वाले आलू या प्याज के पकौड़ों से कुछ अलग स्वाद आज़माना चाहते हैं, तो कॉर्न के पकौड़े एक बेहतरीन विकल्प हैं।

मकई के मीठे दानों से तैयार होने वाले ये पकौड़े बाहर से सुनहरे और कुरकुरे, जबकि अंदर से मुलायम और स्वादिष्ट होते हैं। इनका लाजवाब स्वाद ऐसा है कि एक बार खाने के बाद हर कोई इन्हें दोबारा बनाने की फरमाइश करेगा।

बारिश के मौसम में तो इसे खाने का मजा ही कुछ और होता है क्योंकि इस मौसम में बहुत बढ़िया स्वीट कॉर्न मिलते है। तो आज हम आपको कुरकुरे कॉर्न पकौड़े बनाने की आसान और झटपट रेसिपी बताते हैं।

सामग्री

स्वीट कॉर्न-2 कप (उबले हुए या कद्दूकस किए हुए)
बेसन-1/2 कप
चावल का आटा-2 बड़े चम्मच (अधिक कुरकुरापन के लिए)
हरी मिर्च-1-2 (बारीक कटी हुई)
अदरक -1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
हरा धनिया- 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
लाल मिर्च पाउडर-1/2 छोटा चम्मच
हल्दी-1/2 छोटा चम्मच
जीरा-1/2 छोटा चम्मच
गरम मसाला -1/2 छोटा चम्मच
नमक -स्वादानुसार
तेल तलने के लिए

विधि

1-एक बड़े बर्तन में उबले हुए कॉर्न को हल्का-सा मैश कर लें। कुछ दाने साबुत रहने दें, इससे पकौड़ों का स्वाद और टेक्सचर बेहतर होगा।
2-इसमें बेसन, चावल का आटा, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, जीरा, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
3-यदि मिश्रण बहुत सूखा लगे तो 1-2 बड़े चम्मच पानी डालें। ध्यान रखें कि घोल गाढ़ा रहे।कढ़ाही में तेल मध्यम आंच पर गरम करें।
4-तैयार मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में लेकर तेल में डालें और सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें।पकौड़ों को निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए।
5-तैयार पकोड़े को धनिया की चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें। साथ में एक कप गरम चाय या कॉफी हो तो शाम का नाश्ता और भी स्वादिष्ट हो जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m