सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिले के तावडू में शहर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 गौधन और एक कैंटर गाड़ी बरामद की है। यह कार्रवाई शनिवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर थाना शहर तावडू पुलिस द्वारा की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से गौ तस्करों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से गौधन को कैंटर में भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। कुछ समय बाद पुलिस ने एक कैंटर गाड़ी को रोककर जांच की, जिसमें 15 गौधन भरे हुए मिले।

पुलिस ने तुरंत गौधन को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित बाहर निकाला और कैंटर गाड़ी को जब्त कर लिया। इस मामले में थाना शहर तावडू में अभियोग संख्या 41 दिनांक 10 मई 2026 के तहत धारा 13(2), 5, 17 HGS & GS एक्ट तथा 11, 59, 60 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
बरामद किए गए 15 गौधन को सुरक्षित रूप से श्री श्याम गौशाला ढीडारा भेज दिया गया, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। शहर थाना प्रभारी नरेश कुमार का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों और वाहन मालिक की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
तावडू पुलिस की इस कार्रवाई को गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसपी डॉ अर्पित जैन ने साफ कहा है कि जिले में गौ तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

