Business Desk- TCS Q2 Results Update : आईटी सर्विसेज कंपनी TCS के दूसरी तिमाही के नतीजों के बाद शुक्रवार, 9 अक्टूबर को शेयरों में 5% से ज्यादा की तेजी है। शेयर 2,170 रुपए पर कारोबार कर रहा है। कंपनी ने 12 रुपए प्रति शेयर का दूसरा अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है।

दूसरी तिमाही में TCS का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15% बढ़कर 13,884 करोड़ रुपए हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 12,075 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था।
रेवेन्यू 11% बढ़कर 73,188 करोड़ रुपए हुआ
TCS का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 11% बढ़कर 73,188 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 65,799 करोड़ रुपए था। वहीं, कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर पिछली तिमाही के मुकाबले रेवेन्यू में 0.5% की मामूली बढ़त दर्ज की गई।
कॉन्स्टेंट करेंसी का मतलब है कि रेवेन्यू की तुलना करते समय डॉलर, पाउंड और यूरो जैसी विदेशी मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का असर हटा दिया जाता है।
TCS अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप जैसे बाजारों से कमाई करती है। ऐसे में विदेशी मुद्रा की कीमतों में बदलाव से कंपनी की कमाई रुपए में ज्यादा या कम दिखाई दे सकती है, भले ही उसके कारोबार में उतना बदलाव न हुआ हो।
AI से 3.1 अरब डॉलर का रेवेन्यू
TCS का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से रेवेन्यू 3.1 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। यह कंपनी के कुल रेवेन्यू का 10% से ज्यादा है।
कंपनी ने AI पर फोकस बढ़ाते हुए पुणे में ‘इंडस्ट्रियल ऑटोनॉमी एंड इंजीनियरिंग लैब’ और बेंगलुरु में Nvidia से पावर्ड ‘ऑटोनॉमस इंजीनियरिंग लैब’ शुरू की हैं।
कंपनी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और COO आरती सुब्रमण्यन के मुताबिक, AI की मांग तेजी से बढ़ रही है। कंपनियां नए AI टूल्स का इस्तेमाल कारोबार बेहतर बनाने, काम को ऑटोमेट करने और साइबर सिक्योरिटी मजबूत करने के लिए कर रही हैं।
कमजोर IT सेक्टर में 90 हजार करोड़ रुपए की डील्स
आईटी सेक्टर में सुस्ती के बावजूद TCS को जुलाई से सितंबर तिमाही के दौरान 9.6 अरब डॉलर यानी करीब 90 हजार करोड़ रुपए की बड़ी डील्स मिलीं।
पॉर्श AG के साथ पार्टनरशिप: लग्जरी कार कंपनी पॉर्श के साथ पांच साल का समझौता हुआ है। इसके तहत TCS, पॉर्श की जर्मन IT कंसल्टिंग कंपनी MHP को खरीदेगी।
बेस्ट बाय के साथ समझौता: अमेरिकी रिटेल कंपनी बेस्ट बाय के भारत स्थित ग्लोबल सेंटर की जिम्मेदारी TCS संभालेगी और इसे AI सेंटर में बदलेगी।
TCS में 5.98 लाख कर्मचारी, एट्रिशन रेट 13.3%
तिमाही के अंत तक TCS में कुल कर्मचारियों की संख्या 5.98 लाख रही। आईटी सर्विसेज में एट्रिशन रेट यानी कर्मचारियों के कंपनी छोड़ने की दर पिछले 12 महीनों में 13.3% पर स्थिर रही।
कंपनी के चीफ HR ऑफिसर सुदीप कुन्नूमल ने बताया कि TCS भविष्य में जरूरी कौशल विकसित करने के लिए कर्मचारियों की ट्रेनिंग पर निवेश कर रही है। इसके चलते कर्मचारियों के लर्निंग आवर्स तिमाही आधार पर 17% बढ़कर 1.71 करोड़ हो गए।

