Business Desk – देश की सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए हैं. कंपनी ने न सिर्फ मुनाफे और आय में बढ़ोतरी दर्ज की है, बल्कि लगातार तीन तिमाहियों की गिरावट के बाद कर्मचारियों की संख्या में भी बड़ा इजाफा किया है.

जून तिमाही में TCS ने 9,200 से ज्यादा नए कर्मचारियों को जोड़ा, जिससे कुल वर्कफोर्स बढ़कर 5 लाख 93 हजार 798 हो गई. इसके साथ ही कंपनी ने शेयरधारकों के लिए 12 रुपए प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है.

तीन तिमाहियों बाद फिर बढ़ी कर्मचारियों की संख्या

TCS के लिए यह तिमाही भर्ती के लिहाज से अहम रही. पिछले क्वार्टर के मुकाबले कंपनी में 9,279 नए कर्मचारी जुड़े हैं. वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 5 लाख 84 हजार 519 थी, जो अब बढ़कर 5 लाख 93 हजार 798 हो गई है.

यह बढ़ोतरी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले लगातार तीन तिमाहियों तक कंपनी का हेडकाउंट घट रहा था. एक समय TCS में कर्मचारियों की संख्या 6 लाख 13 हजार 69 के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी, लेकिन बाद में यह घटकर 5 लाख 82 हजार 163 तक आ गई थी. अब कंपनी ने फिर से भर्ती का सिलसिला तेज कर दिया है.

13,349 करोड़ रुपए का मुनाफा, आय में भी 14% की बढ़ोतरी

जून 2026 तिमाही में TCS का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 5 प्रतिशत बढ़कर 13 हजार 349 करोड़ रुपए रहा. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 12 हजार 760 करोड़ रुपए था. वहीं, कंपनी की ऑपरेशंस से होने वाली आय भी मजबूत रही. रेवेन्यू 14 प्रतिशत बढ़कर 72 हजार 275 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, जो कंपनी के बिजनेस में लगातार मजबूती का संकेत देता है.

12 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

बेहतर तिमाही नतीजों के साथ TCS के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 12 रुपए प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है. कंपनी ने इसके लिए 15 जुलाई को रिकॉर्ड डेट तय की है. इस तारीख तक जिन निवेशकों के डीमैट खाते में TCS के शेयर होंगे, वही इस डिविडेंड के पात्र होंगे.

9.5 बिलियन डॉलर की नई डील्स, AI पर बड़ा दांव

इस तिमाही में TCS की कुल ऑर्डर बुक 9.5 बिलियन डॉलर रही. इसमें ग्लोबल इंडस्ट्रियल कंपनी SKF के साथ 800 मिलियन डॉलर का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ट्रांसफॉर्मेशन प्रोजेक्ट शामिल है. इसके अलावा कंपनी ने सर्विसनाउ के साथ मल्टी-मिलियन डॉलर की रणनीतिक साझेदारी की है. साथ ही यूरोप की फॉर्च्यून ग्लोबल 50 कंपनियों में शामिल एक बड़ी कंपनी के साथ भी नई डील साइन की गई है.

35% महिला कर्मचारी, 148 देशों के लोग कर रहे काम

TCS की तिमाही रिपोर्ट के अनुसार कंपनी के कुल कर्मचारियों में 35 प्रतिशत महिलाएं हैं. कंपनी में दुनिया के 148 देशों के कर्मचारी काम कर रहे हैं. वहीं, पिछले 12 महीनों के आधार पर कंपनी का स्वैच्छिक एट्रिशन रेट यानी नौकरी छोड़ने की दर 13.6 प्रतिशत रही है, जो हाल के क्वार्टर में लगभग स्थिर बनी हुई है.

AI और लॉन्ग टर्म ग्रोथ पर रहेगा फोकस

TCS के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) समीर सेकसरिया ने कहा कि कंपनी ने कर्मचारियों के लिए सालाना वेतन वृद्धि लागू कर दी है. साथ ही पार्टनर इकोसिस्टम को मजबूत करने और भविष्य की प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक निवेश किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कंपनी का फोकस मुनाफे और रिटर्न को बनाए रखते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित क्षमताओं को विकसित करने, नई तकनीक हासिल करने और रणनीतिक साझेदारियों को बढ़ाने पर रहेगा.

जानिए क्या होता है एट्रिशन रेट और रिकॉर्ड डेट

एट्रिशन रेट का मतलब किसी निश्चित अवधि में नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों की प्रतिशत संख्या से होता है. यदि किसी कंपनी का एट्रिशन रेट 13.6 प्रतिशत है, तो इसका अर्थ है कि हर 100 कर्मचारियों में औसतन लगभग 13 कर्मचारियों ने उस अवधि में कंपनी छोड़ी. वहीं रिकॉर्ड डेट वह तारीख होती है, जिस दिन तक किसी निवेशक के डीमैट खाते में कंपनी के शेयर होने चाहिए. रिकॉर्ड डेट तक शेयर रखने वाले निवेशकों को ही कंपनी की ओर से घोषित डिविडेंड या अन्य कॉर्पोरेट लाभ का अधिकार मिलता है.