हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के एक प्री-प्राइमरी स्कूल से तीन साल की मासूम बच्ची के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में शिक्षिका बच्ची के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करती थी और उसे मारपीट की धमकी भी दी जाती थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पूरा केस विजय नगर थाना क्षेत्र का है।
स्कूल जाने से डरने लगी मासूम, पिता को हुआ शक
बताया जा रहा है कि बच्ची अचानक स्कूल जाने से इनकार करने लगी। उसके व्यवहार में बदलाव देखकर पिता को शक हुआ कि आखिर स्कूल में ऐसा क्या हो रहा है, जिससे उनकी छोटी बेटी वहां जाने से घबरा रही है। बच्ची की बातों और उसके व्यवहार को समझने के लिए पिता ने उसके स्कूल बैग में एक वॉइस रिकॉर्डर रखकर भेजा। इसके बाद जो रिकॉर्डिंग सामने आई, उसने परिवार की चिंता बढ़ा दी।
रिकॉर्डिंग में कथित अपशब्द, धमकी देने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि रिकॉर्डिंग में शिक्षिका की आवाज में बच्ची के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल सुनाई दिया। इतना ही नहीं, बच्ची को मारपीट की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। एक छोटी बच्ची, जो अभी स्कूल की दुनिया को समझना शुरू ही कर रही है, उसके साथ इस तरह के व्यवहार के आरोप ने स्कूल की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
CCTV मांगने पहुंचे पिता, स्कूल प्रबंधन पर सवाल
वॉइस रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद बच्ची के पिता स्कूल पहुंचे और पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए CCTV फुटेज मांगा। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उन्हें CCTV फुटेज देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पिता ने विजय नगर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने शिक्षिका पर दर्ज किया केस
शिकायत मिलने के बाद विजय नगर पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से CCTV फुटेज भी मांगा है। फिलहाल वॉइस रिकॉर्डिंग को जांच का अहम आधार माना जा रहा है।
अब जांच में खुलेगा स्कूल के अंदर का सच
मामला सिर्फ एक बच्ची के साथ कथित अभद्र व्यवहार तक सीमित नहीं है। सवाल यह भी है कि अगर आरोप सही हैं तो स्कूल में छोटे बच्चों की सुरक्षा और व्यवहार को लेकर निगरानी व्यवस्था कितनी गंभीर है? अब पुलिस की जांच, CCTV फुटेज और वॉइस रिकॉर्डिंग से यह साफ होगा कि बच्ची के साथ वास्तव में क्या हुआ था और शिक्षिका पर लगाए गए आरोप कितने सही हैं। मासूम की आवाज ने सवाल खड़े कर दिए हैं, अब जांच से सच सामने आने का इंतजार है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

