वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। जिले के मस्तूरी विकासखंड के सोन लोहर्सी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में व्याख्याता सानुज राम सोनी पर प्राचार्य को अपशब्द कहने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। प्राचार्य ने मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और पचपेड़ी थाने में की है। शिकायत में स्कूल के माहौल और प्रशासनिक अनुशासन को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई है। इस घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है।

स्टाफ के सामने प्राचार्य को धमकाने का आरोप

प्राचार्य द्वारा 24 सितंबर 2026 को DEO को दी गई शिकायत के अनुसार, प्रार्थना के बाद करीब 10:30 बजे पूरे स्टाफ के सामने व्याख्याता सानुज राम सोनी ने उपस्थिति के संबंध में प्राचार्य से कथित तौर पर विवाद किया और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी। शिकायत में आरोप है कि उन्होंने प्राचार्य से “देख लूंगा तुमको”, “तुम मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते” और “मैं तुम्हें प्राचार्य नहीं मानता हूं” जैसे शब्दों का प्रयोग किया।

प्राचार्य ने शिकायत में कहा है कि इस तरह की भाषा का प्रयोग पहले भी कई बार किया गया है, जिससे कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहा है और स्कूल का माहौल खराब होने की स्थिति बन रही है।

उपस्थिति रजिस्टर और CL को लेकर विवाद

शिकायत के मुताबिक, संबंधित व्याख्याता ने उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद आकस्मिक अवकाश (CL) का आवेदन दिया। आरोप है कि उन्होंने पुराने CL के बदले उस दिन का अवकाश देने और आज के CL को संबंधित रिकॉर्ड में दर्ज नहीं करने को लेकर प्राचार्य पर दबाव बनाया और कथित तौर पर धमकी दी।

प्राचार्य ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि जब स्कूल स्टाफ के सदस्य माहौल शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने का प्रयास करते हैं, तो उन्हें भी कथित तौर पर धमकी देकर चुप करा दिया जाता है। इसके कारण स्टाफ के सदस्य भय के कारण हस्तक्षेप करने से बचते हैं।

वीडियो डिलीट करने की धमकी का आरोप

शिकायत में 24 सितंबर की एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें प्राचार्य ने बताया है कि संबंधित व्याख्याता के कथित व्यवहार की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए सीएसी (शैक्षणिक समन्वयक) द्वारा वीडियो बनाया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान व्याख्याता ने सीएसी का कॉलर पकड़ लिया और उन्हें धमकाते हुए वीडियो डिलीट करने के लिए कहा।

प्राचार्य ने अपनी शिकायत में संबंधित व्याख्याता के व्यवहार को लेकर भविष्य में किसी तरह की शारीरिक घटना होने की आशंका भी जताई है। उन्होंने अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और पुलिस इस शिकायत पर क्या जांच और कार्रवाई करते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H