शशांक द्विवेदी, खजुराहो। बुंदेली संस्कृति और कला को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में स्थानीय कलाकारों ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। खजुराहों के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहली बुंदेली मल्टीप्लेक्स फिल्म ‘गाइड एक प्रेम कहानी’ का टीजर आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया। लगभग 3 करोड़ की लागत से बनी यह फिल्म बुंदेली फिल्म उद्योग के लिए अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट मानी जा रही है।

जून 2026 में मचेगा धमाल

फिल्म के निर्देशक सूरज शाह के अनुसार फिल्म जून 2026 में देशभर के बड़े पर्दों पर दिखाई जाएगी। टीजर लॉन्च के दौरान फिल्म के दृश्यों और बुंदेली लोकनृत्य ‘राई’ से सजे गीतों की काफी सराहना की गई।

फिल्म में दिखेंगे पूर्व विधायक मुन्ना राजा

फिल्म की खास बात यह भी रही कि इसमें पूर्व क्षेत्रीय विधायक शंकर प्रताप सिंह यानि मुन्ना राजा भी अभिनय करते नजर आएंगे। वे फिल्म में क्षेत्र की ऐतिहासिक गढ़ी और उसकी विरासत के बारे में जानकारी देते हुए दिखाई देंगे।

सरकारी मदद की दरकार, सब्सिडी नियम पर गरमाया माहौल

फिल्म का निर्देशन सूरज शाह द्वारा किया गया है, जिन्होंने स्थानीय कलाकारों के साथ मिलकर इस बड़े पर्दे के स्तर पर तैयार किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बुंदेली कलाकारों का दर्द भी छलक उठा। कलाकारों ने बताया कि फिल्म को निजी बजट से तैयार किया गया है, क्योंकि मध्य प्रदेश सरकार की ओर से कोई वित्तीय सहयोग नहीं मिला।

क्षेत्रीय विधायक और कलाकारों के बीच हुई नोकझोंक

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वित्तीय सहयोग न मिलने की बात उठने पर क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया और फिल्म कलाकारों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। विवाद की मुख्य वजह सरकार के सब्सिडी नियम है। आपको बता दें कि वर्तमान नीति के अनुसार किसी फिल्म को सरकारी सब्सिडी तभी मिलती है जब वह एक साथ 100 थिएटर्स में प्रदर्शित हो।

फिल्म मेकर्स की मांग

स्थानीय कलाकारों का तर्क है कि क्षेत्रीय फिल्मों के लिए इतनी बड़ी संख्या में थिएटर मिलना बेहद मुश्किल है। इसलिए सरकार को इन नियमों में ढील देनी चाहिए जिससे क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m