भोपाल से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 1886 में रविवार सुबह उड़ान के दौरान अचानक तकनीकी खराबी आ गई। विमान के बाएं इंजन में समस्या सामने आने के बाद इंजन फेल होने की आशंका जताई गई। स्थिति को देखते हुए विमान को एहतियातन जयपुर एयरपोर्ट डायवर्ट किया गया, जहां सुबह करीब 9:40 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
उड़ान के दौरान बाएं इंजन में आई खराबी
जानकारी के मुताबिक, भोपाल से दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद विमान के बाएं इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई। संभावित खतरे को देखते हुए पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच समन्वय के बाद विमान को जयपुर की ओर मोड़ने का फैसला लिया गया।
जयपुर एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए सभी जरूरी आपात व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गई थीं। विमान के उतरने के बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
यात्रियों को बस से भेजा गया दिल्ली
एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, जयपुर में लैंडिंग के बाद यात्रियों को सड़क मार्ग से दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई। यात्रियों को बस के जरिए दिल्ली रवाना किया गया, ताकि उनकी यात्रा को आगे जारी रखा जा सके।
Air India ने जारी किया आधिकारिक बयान
एअर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान को सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जयपुर डायवर्ट किया गया। एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।
एयर इंडिया ने इस अप्रत्याशित घटना पर खेद जताया और कहा कि जयपुर एयरपोर्ट पर मौजूद उसकी ग्राउंड टीम ने यात्रियों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



