नितिन नामदेव, रायपुर। सीतापुर की घटना के बाद तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के आंदोलन को लेकर सरकार और राजस्व अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के सरकारी निवास पर कनिष्ठ प्रशासनिक संघ और राजस्व विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी भी मौजूद रहीं।

बैठक के दौरान तहसीलदार संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और आपत्तियों को सरकार के सामने रखा। वहीं, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा।

narayana

बता दें कि सरगुजा जिले के सीतापुर में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार तुषार मानिक की कथित पिटाई के बाद, राज्य के तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल और सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। राजस्व अधिकारियों ने मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित राजस्व अधिकारियों ने आज से प्रदेश भर में अनिश्चितकालीन हड़ताल और कामबंद आंदोलन शुरू कर दिया है।

सचिव स्तर पर चल रही है चर्चा

मीडिया से बातचीत में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राजस्व विभाग की सचिव तहसीलदार संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि “हमारे राजस्व सचिव उनसे बात कर रहे हैं। जो भी हुआ है, उसका समाधान हो जाएगा। तहसील अधिकारी काम पर लौट आएंगे और स्थिति सामान्य हो जाएगी।”

तहसीलदारों ने की कार्रवाई की मांग

बताया जा रहा है कि सीतापुर में हुई घटना को लेकर तहसीलदार संघ संबंधित विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। इसी मुद्दे को लेकर संघ के प्रतिनिधि राजस्व मंत्री और विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं। हालांकि मंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी संघ से सीधी बातचीत नहीं हुई है, लेकिन सचिव स्तर पर लगातार संवाद जारी है और जल्द ही इसका निराकरण कर लिया जाएगा।

अधिकारी-कर्मचारी योजनाओं की रीढ़ : मंत्री टंक राम वर्मा

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के साथ न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार का नारा सबका साथ, सबका विकास है। सभी के साथ न्याय होगा और जो भी समस्या है, उसका समाधान निकाला जाएगा।”

रमन सिंह की फटकार पर भी दिया बयान

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के द्वारा बेमेतरा सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था पर अधिकारियों को फटकार लगाने के वायरल वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर भी टंक राम वर्मा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह एक अनुभवी और सुलझे हुए नेता हैं, जो परिस्थितियों को भलीभांति समझते हैं।

मंत्री ने कहा, “अतिथियों की गरिमा के अनुरूप व्यवस्था होनी चाहिए थी। विधानसभा अध्यक्ष परिस्थितियों को देखकर ही अपनी बात रखते हैं। मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन उन्होंने जो कहा, वह परिस्थितियों के अनुरूप कहा है।”

योजनाओं में बाधा बनने वालों पर कार्रवाई जायज

राजस्व मंत्री ने यह भी कहा कि जब शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न होती हैं, तब स्थिति तनावपूर्ण हो जाती है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्ती या कार्रवाई करना उचित है।

उन्होंने कहा, “दिक्कत तब होती है जब शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में अड़ंगा लगता है। यदि कोई अधिकारी काम में रोड़े अटकाता है तो वातावरण गरमा जाता है। ऐसे अधिकारियों पर सख्ती बरतना या कार्रवाई करना जायज है।”

फिलहाल सरकार और तहसीलदार संघ के बीच बातचीत जारी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सचिव स्तर की चर्चा के बाद क्या सहमति बनती है और आंदोलनरत अधिकारी कब तक अपने कार्य पर लौटते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H