कुंदन कुमार/ पटना। बिहार के जहानाबाद जिले के टेहटा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस गश्ती को चुनौती देते हुए लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। टेहटा बाजार स्थित काली मंदिर के समीप शुक्रवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों के जेवरात समेत नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद से स्थानीय इलाके में दहशत का माहौल है।

​बांस की सीढ़ी लगाकर घर में घुसे बदमाश

​पीड़ित गृहस्वामी चमेली देवी और उनके पति बबलू कुमार दोनों दिव्यांग हैं। बबलू कुमार वर्तमान में गुजरात में रेलवे में कार्यरत हैं, जबकि टेहटा स्थित नवनिर्मित मकान में उनकी पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री रहते हैं। घटना के संबंध में चमेली देवी ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब एक बजे आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी घर के पीछे के हिस्से से बांस की सीढ़ी लगाकर अंदर दाखिल हुए। उस वक्त पूरा परिवार गहरी नींद में था।

मोबाइल तोड़ा और दी जान से मारने की धमकी

​बदमाशों ने कमरे में घुसते ही सबसे पहले परिवार के सभी सदस्यों पर हथियार तान दिए और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पुत्र आशुतोष राज के अनुसार, अपराधियों ने सबसे पहले सभी के मोबाइल फोन छीन लिए और उनके सिम कार्ड निकालकर तोड़ दिए ताकि कोई पुलिस या पड़ोसियों को सूचना न दे सके। इसके बाद अपराधियों ने करीब एक घंटे तक तांडव मचाया और घर के कोने-कोने को खंगाला।

​जीवन भर की पूंजी ले उड़े अपराधी

​लुटेरों ने अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर वहां रखे एक लाख रुपये नकद और लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। आशुतोष ने बताया कि महज एक वर्ष पूर्व ही उन्होंने यह मकान बनाया था और पिता की कड़ी मेहनत की कमाई से घर गृहस्थी का सामान जुटाया था, जिसे अपराधियों ने पल भर में लूट लिया।