राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के बीच तनातनी लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में अनुष्का की बेटी उज्जैनी का महाकाल मंदिर में अन्नप्राशन कराकर लौटे आकाश यादव ने तेजप्रताप यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में एक नई शिकायत दर्ज कराई है।
फ्लैट पर नकाबपोश संदिग्ध के पहुंचने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 20 अगस्त को दोपहर करीब 3:50 बजे आकाश यादव के फ्लैट के दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी। दरवाजा खोलने पर कंधे पर बैग टांगे एक नकाबपोश व्यक्ति खड़ा था। खतरा महसूस होने पर उन्होंने तुरंत दरवाजा बंद कर सोसायटी के गार्ड को सूचना दी। गार्ड के मौके पर पहुंचते ही संदिग्ध भागने लगा, जिसे गार्ड ने सूझबूझ से दबोच लिया।
पूछताछ में उसने विरजिस्टर में गलत नाम ‘विश्वजीत’ और फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज किया। बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आकाश यादव ने दावा किया कि वह संदिग्ध व्यक्ति विकास कुमार उर्फ पोता है, जो तेजप्रताप यादव का करीबी रिश्तेदार है। आकाश ने इसे सोची-समझी साजिश और हमले की नीयत से जुड़ा मामला बताया है।
पहले से चल रहे हैं कानूनी और पारिवारिक विवाद
दोनों पक्षों के बीच यह विवाद नया नहीं है। आकाश यादव ने तेजप्रताप यादव के खिलाफ पाटलिपुत्र थाने में मामला दर्ज कराया है और पटना सिविल कोर्ट में भी केस चल रहा है। इससे पहले आकाश ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का भी गंभीर आरोप लगाया था, जिसकी FIR दर्ज होने के बाद अदालत में सुनवाई जारी है।
दूसरी ओर, इस साल फरवरी में अनुष्का यादव की बेटी के जन्म के बाद से ही विवादों का दौर शुरू हुआ था। तेजप्रताप यादव ने अनुष्का से संबंधों और बेटी के पिता होने की बात को सिरे से खारिज करते हुए इसे झूठा बताया था। उन्होंने इस मामले में आकाश भाटी नामक व्यक्ति का नाम भी उछाला था। हाल ही में अनुष्का की बेटी उज्जैनी का उज्जैन स्थित बाबा महाकाल मंदिर में विधि-विधान से अन्नप्राशन संस्कार संपन्न हुआ है, जिसके बाद से यह पारिवारिक और राजनीतिक खींचतान फिर से तेज हो गई है।

