कुंदन कुमार/पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव गुरुवार को 39 वर्ष के हो गए। इस अवसर पर पटना के हार्डिंग रोड स्थित उनके आवास पर एक भव्य बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया। इस उत्सव की सबसे खास बात राजद मुखिया लालू प्रसाद की उपस्थिति रही, जिन्होंने न केवल केक काटकर बेटे को बधाई दी, बल्कि अपने हाथों से केक खिलाकर अपना स्नेह और आशीर्वाद भी प्रकट किया।

​समर्थकों का भारी हुजूम और नारेबाजी

​तेजप्रताप के जन्मदिन के मौके पर उनके आवास पर समर्थकों का तांता लगा रहा। सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भी अलग-अलग केक काटे और ‘तेजप्रताप यादव जिंदाबाद’ के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया। इस दौरान समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया।

​तेजस्वी यादव पर तीखा हमला

​उत्सव के बीच तेजप्रताप यादव का राजनीतिक तेवर भी देखने को मिला। उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए उन पर तीखा निशाना साधा। तेजप्रताप ने कहा, तेजस्वी जी का दावा है कि सम्राट चौधरी उनकी पार्टी से निकलकर मुख्यमंत्री बने हैं, लेकिन सच तो यह है कि तेजस्वी खुद 25 सीटों पर सिमट कर रह गए हैं। वे किसी को आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं, जबकि हमारी पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ लगातार लोगों को आगे बढ़ा रही है।

​सम्राट चौधरी को दी बधाई

​बिहार की बदलती सियासत और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर तेजप्रताप ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि एक नौजवान का नेतृत्व में आना प्रदेश के लिए नई दिशा तय करेगा। उन्होंने सम्राट चौधरी को परिपक्व मुख्यमंत्री बनने की शुभकामनाएं दीं और आग्रह किया कि वे नीतीश कुमार के अधूरे कार्यों को पूरा करें तथा युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार दें। तेजप्रताप ने दावा किया कि उन्होंने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनेंगे, जो अब सच साबित हुई है।

​शराबबंदी पर सरकार को घेरा

​बिहार में शराबबंदी के मुद्दे पर भी तेजप्रताप ने बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि राज्य में शराबबंदी केवल कागजों पर है, असलियत में हर जगह नशा मिल रहा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए वहां मौजूद समर्थकों से भी इस बारे में सवाल किए और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।