तेज प्रताप यादव ने अपनी पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ के विस्तार की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में उन्होंने बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन शुरू होने की जानकारी साझा की है। हैं। राष्ट्रीय जनता दल से अलग होकर अपनी नई सियासी जमीन तलाश रहे तेज प्रताप के इस कदम को राजनीतिक गलियारों में काफी अहम माना जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए ‘वैकेंसी’
जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा की है। पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और राज्य में पार्टी को नई दिशा देने के लिए योग्य नेतृत्व की तलाश है। इस पद के लिए ‘कर्मठ, ईमानदार, संघर्षशील और योग्य’ उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं। पार्टी ने इस पूरी प्रक्रिया को सामाजिक न्याय, सामाजिक हक और ‘संपूर्ण बदलाव’ के संकल्प के साथ जोड़ा है। आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जिसके लिए पार्टी की तरफ से संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं।
हाल ही में हुई थी राष्ट्रीय प्रवक्ता की नियुक्ति
संगठन को धार देने के लिए तेज प्रताप यादव लगातार एक के बाद एक कड़े संगठनात्मक कदम उठा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आवेदन मांगने से ठीक तीन दिन पहले, यानी 7 सितंबर को उन्होंने प्रिया सिंह वत्स को पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया था। उनके सांगठनिक अनुभव, वाकपटुता और पार्टी के प्रति निष्ठा को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस नियुक्ति को पार्टी के लिए एक ऊर्जावान कदम के रूप में देखा गया था, जिससे मीडिया और जनता के बीच पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा जा सके।
नई राजनीतिक राह और सांगठनिक सक्रियता
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का राजनीतिक सफर हमेशा से सुर्खियों में रहा है। आरजेडी से अलग होने के बाद उन्होंने जनशक्ति जनता दल का गठन किया और अब वे अपने बलबूते पार्टी का ढांचा खड़ा करने में जुटे हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए ओपन आवेदन मंगाने की यह अनूठी शैली उनकी राजनीतिक कार्यशैली को दर्शाती है। इन तमाम गतिविधियों से साफ है कि वे आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए अपनी पार्टी को पूरी तरह सक्रिय और संगठित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।



