Tej Pratap Yadav: राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जजद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव कल शुक्रवार की देर रात पटना के सचिवालय थाने पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी छवि को खराब करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए राजद छात्र के पूर्व अध्यक्ष और उनकी कथित पत्नी अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। तेज प्रताप यादव ने आकाश यादव के अलावा अन्य 7 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की है।

मेरे पिता और मुझे जान से मारने की साजिश

शिकायत दर्ज कराने के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा कि, मुझे आकाश यादव के जरिए जान से मारने की धमकी दिलवाई गई है। मैंने एफआईआर में सभी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि, मेरी छवि को शुरू से ही खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। मेरे पिता लालू प्रसाद यादव बीमार चल रहे हैं और ये मुझे और मेरे पिता को मारने की साजिश है। तेज प्रताप ने कहा कि, आकाश यादव मेरी हत्या करवाना चाहता है।

तेज प्रताप यादव ने की है सुरक्षा की मांग

तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा कि, शिकायत दर्ज कराने से कुछ देर पहले उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। पीसी के बाद 4 लोग मेरे घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, यह मुझे जान से मारने की साजिश भी हो सकती है। उन्होंने इस मामले का जिक्र करते हुए भी सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें सीएम सम्राट चौधरी से भी मुलाकात करनी हो तो वो करेंगे। गौरतलब है कि बिहार सरकार ने कुछ दिनों पहले ही उनकी सुरक्षा में भारी कटौती की थी, जिसके बाद उन्होंने अपनी सभी सुरक्षा को वापस कर दिया था।

तेजस्वी से साथ देने की अपील

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तेज प्रताप यादव ने यह दावा किया कि आकाश यादव और उसके परिजन लगातार उनसे पैसों की मांग करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि कभी 5 तो कभी 10 लाख तक रुपए भी दिए गए, लेकिन अब उन्हीं लोगों ने उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया है। तेज प्रताप ने इस मुश्किल घड़ी में अपने छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से भी उनके साथ खड़े होने की अपील की है।

गौरतलब है कि आकाश यादव ने कोर्ट में तेज प्रताप पर अपने साथियों के साथ उनके घर पर जबरन घुसने और जान से मारने की धमकी देने को लेकर परिवाद दायर किया है, जिसके बाद से वह भी लगातार आकाश यादव पर हमलावर हैं।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बारिश के मौसम में भी पसीना छुड़ा रही गर्मी, पटना समेत 20 जिलों में हीट वेव का अलर्ट