Bihar News: दिल्ली शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को सभी आरोपों से बरी कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले पर तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। अरविंद केजरीवाल के बरी होने पर तेजस्वी ने कहा कि, लगातार विपक्षी दलों पर राजनीतिक वेंडेट्टा के हिसाब से जबरन गलत मुकदमे किए जाते हैं, संस्थाओं का केंद्र सरकार दुरुपयोग कर रही है। जो तथाकथित शराब घोटाला था उसमें कोर्ट ने सभी आरोपिरयों को बरी किया है। इसके साथ ही भाजपा का चाल, चरित्र सामने आ गया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, हम चाहेंगे कि दिल्ली में दोबारा चुनाव कराए जाएं ताकि जनता सही मुद्दों पर चुनाव कर पाए। सिर्फ अरविंद केजरीवाल ही नहीं, चाहे राहुल गांधी हों, लालू यादव हों या हमारा पूरा परिवार शुरू से ही भाजापा के राजनीतिक वेंडेट्टा का शिकार होता रहा है। चाहे IRCTC का घोटाला हो या जमीन के बदले नौकरी देने का घोटाला हो, आज तक रेलवे ने माना ही नहीं कि कोई घोटाला हुआ है और इसकी पहले ही CBI तीन बार जांच कर चुका है। हमें हर जगह से क्लीन चीट मिली लेकिन यह चौथी बार मुकदमा कराया गया। अंत में उन्होंने कहा कि, हमें न्यायालय पर विश्वास है कि हमारे साथ भी न्याय होगा।

वही, दिल्ली शराब नीति मामले में सभी आरोपों से बरी किए जाने पर आप प्रमुख और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि, यह मामला उनके खिलाफ रचा गया। उन्होंने इसे आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र बताया। कोर्ट के बाहर केजरीवाल ने कहा कि, मैंने जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। मुझ पर भाजपा ने झूठे आरोप लगाए। आज कोर्ट ने भी कह दिया कि केजरीवाल‑सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं।

ये भी पढ़ें- ​किशनगंज में फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ी गई 2 लाख की विदेशी शराब, उत्पाद विभाग को देख ड्राइवर ने दौड़ाई कार, पीछा करने पर गाड़ी छोड़ हुआ फरार