सोहराब आलम, मोतिहारी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज रविवार (17 मई) को मोतिहारी पहुंचे, जहां सदर प्रखंड स्थित लक्ष्मीपुर गांव में दिवंगत राजद नेता सुरेश यादव के प्रतिमा का अनावरण किया और लोगों को संबोधित किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। तेजस्वी यादव को देखने के लिए इतनी काफी संख्या में कार्यकर्ता फूल माला के साथ उनका स्वागत करने पहुंचे हुए थे की तेजस्वी को दिवंगत नेता सुरेश यादव की छत से लोगों को संबोधित करना पड़ा।

‘ज्यादा दिन तक नहीं चलेगी भाजपा सरकार’

संबोधन के दौरान तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि, हम लगातार चुनावी सभाओं में भी कहते थे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। भाजपा उनको मुख्यमंत्री से हटाने का काम करेगी। आज हम यह भी ऐलान करते हैं कि बिहार में ज्यादा दिन तक भाजपा की सरकार नहीं चलने वाली है। तेजस्वी ने सम्राट सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, जानबूझकर एक समाज के एक जाति के लोगों को टारगेट करके सरकार उनका एनकाउंटर करवा रही है।

‘कुछ दिन में कहेंगे की कपड़े नहीं पहने’

इस दौरान तेजस्वी ने पीएम मोदी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री पेट्रोल-डीजल बचाने का, सोना नहीं खरीदने का सुझाव दे रहे हैं। आने वाले समय में वह यह भी कहेंगे कि लोग कपड़े नहीं पहने। यह सरकार पूरी तरीके से फेल है। हम सभी का भी दिन लौटने वाला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि, हम सब मजबूत रहे…मजबूती के साथ जनता के बीच में जाए…आने वाले समय में हमारी भी सरकार बनेगी।

नीट पेपर लीक मामले में केंद्र पर बोला हमला

कार्यक्रम को संबोधित कर जब तेजस्वी यादव वापस रवाना हो रहे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। हालांकि पेपर लीक मामले में राजद नेता संतोष जायसवाल की गिरफ्तारी के सवाल को वह नजरअंदाज करते हुए टाल गए और भाजपा नेताओं के गिरफ्तारी होने की बात कही।

ये भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी ने विश्व प्रसिद्ध मलमास मेले का किया उद्घाटन, 3 करोड़ से अधिक श्रद्धालु लगाएंगे डुबकी