कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजनीति में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और सत्ता पक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी कड़ी में बीजेपी के विधान पार्षद (MLC) जीवन कुमार ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के अवसर पर तेजस्वी यादव पर तीखा तंज कसा है।

​ज्ञानवर्धन करें तेजस्वी यादव

​MLC जीवन कुमार ने लालू प्रसाद यादव को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए तेजस्वी यादव को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि आज के विशेष दिन तेजस्वी यादव को अपने पिता से सीख लेनी चाहिए और अपना ज्ञानवर्धन करना चाहिए। जीवन कुमार ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव को सोच-समझकर बयान देना चाहिए और कुछ भी अनाप-शनाप बोलने से बचना चाहिए।

​वित्तीय समझ पर उठाए सवाल

​बीजेपी नेता ने तेजस्वी यादव की आर्थिक और वित्तीय समझ पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी को वित्तीय मामलों की कोई ठोस जानकारी नहीं है इसके बावजूद वे अक्सर सत्ता पक्ष को ज्ञान देने का प्रयास करते हैं। जीवन कुमार ने उन्हें सलाह दी कि यदि वे बिहार की राजनीति में अपनी साख मजबूत करना चाहते हैं, तो उन्हें तथ्यों और वित्तीय विषयों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह सुधार उन्हें भविष्य में राजनीतिक रूप से काफी फायदा पहुंचाएगा।
​राजनीतिक गलियारों में इस बयान को तेजस्वी यादव के हालिया बयानों के पलटवार के रूप में देखा जा रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रही यह बयानबाजी आगामी दिनों में और तेज होने के संकेत दे रही है।