Bihar News: पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के अराइवल क्षेत्र में आज मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक दीवार पर लगे टाइल्स गिर गए। घटना अराइवल एरिया के पिलर संख्या पांच के पास की है। दरअसल टर्मिनल के एक हिस्से की दीवार से टाइल्स अचानक उखड़कर जमीन पर गिर गईं, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि संयोग से कोई टाइल सीधे किसी व्यक्ति पर नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

तेजस्वी ने वीडियो शेयर कर साधा निशाना

टर्मिनल के दीवार से टाइल्स टूटकर गिरने का वीडियो शेयर करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- पटना हवाई अड्डे की इमारत गिरना शुरू। उन्होंने कहा कि, बिहार चुनाव से पहले आनन-फ़ानन में अर्धनिर्मित जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना के नए टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 मई 2025 को किया था। अब कुछ महीनों में ही टर्मिनल परिसर में लगी टाइल्स गिरने लगी है।

हो सकता था बड़ा हादसा

तेजस्वी यादव ने कहा कि, संयोग से ये टाइल्स किसी यात्री अथवा एयरपोर्ट कर्मचारी के ऊपर नहीं गिरा अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने कहा कि, भ्रष्ट भाजपाई और उसके सिंडिकेट के द्वारा मची लूट का इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है? सच्चाई यही है कि NDA नेता अपने वफादार ठेकेदारों से घटिया काम करवा कर जनता की कमाई का बंदरबांट कर लेते हैं।

बाल-बाल बचे पूर्व मंत्री के बेटे

घटना के समय अराइवल क्षेत्र में यात्रियों की आवाजाही जारी थी। हालांकि संयोग से कोई टाइल सीधे किसी व्यक्ति पर नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय एयरपोर्ट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे अर्जित शाश्वत मौजूद थे। वह अपने पिता को रिसीव करने पहुंचे थे। शाश्वत ने बताया कि, घटना के समय वे पास में ही खड़े थे। संयोगवश वे उस समय वहां से कुछ दूरी पर चले गए थे। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से घटना की जांच कराने और पूरे टर्मिनल की जांच कराने की मांग की है, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

ये भी पढ़ें- क्या राहुल और सोनिया के इशारे पर खरगे ने PM मोदी को कहा आतंकवादी? नितिन नबीन ने कर दी यह बड़ी मांग