कुंदन कुमार, पटना। ​बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव ने गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और उसके तेज बहाव के मद्देनजर अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के विभिन्न कटावग्रस्त इलाकों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तटवर्ती गांवों पर मंडरा रहे खतरे का खुद जमीनी स्तर पर आकलन किया तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

​जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा

​निरीक्षण के क्रम में उन्होंने जल संसाधन विभाग के संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से सीधे संपर्क साधकर वर्तमान जलस्तर, नदी के वेग और संभावित जोखिमों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। स्थिति की नजाकत को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जलस्तर एवं कटाव की स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए रखें और पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें।

​प्रशासनिक अमले और स्थानीय समन्वय पर विशेष जोर

​तेजस्वी यादव ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे स्थानीय ग्रामीणों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय स्थापित करके रखें। साथ ही, बाढ़ एवं कटाव की किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और युद्धस्तर पर कटाव निरोधक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए ताकि तटवर्ती इलाकों के लोगों के जान-माल और आशियानों की सुरक्षा पुख्ता की जा सके।