Bihar News: छात्र आंदोलन के दौरान बिहार के सीवान में चले AK47 मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 19 अगस्त को राजभवन मार्च का ऐलान किया है। तेजस्वी के इस ऐलान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की प्रतिक्रिया सामने आई है। संजय सरावगी ने कहा कि, छात्रों के आंदोलन का इनको (तेजस्वी यादव) याद आ गया। महीना भर यूरोप में थे, ठंडी हवा खा रहे थे, फिर पता लगा कहीं गए हैं। बिहार के लोगों ने इनका सुपड़ा साफ कर दिया। छात्र आंदोलन के हित में अपनी राजनीति की रोटी सेंकना चाहते थे। बांकीपुर में भी इनकी जमानत जब्त हुई है।

विपक्षियों को छात्रों से कोई मतलब नहीं- संजय सरावगी

वहीं, झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और पूर्व सीएम रघुवर दास द्वारा मामले की सीबीआई जांच की मांग करने को लेकर संजय सरावगी ने कहा कि, इन छात्रों से विपक्षियों को, कांग्रेस को, झारखंड, मुक्ति मोर्चा को कोई मतलब नहीं है। झारखंड में पेपर लीक हुआ, पंजाब में पेपर लीक हुआ, जहां विपक्ष की सरकार है। वहां पेपर लीक हुआ। लेकिन इन लोगों को छात्रों के हित से कोई मतलब नहीं है। झारखंड में कांग्रेस के चार-चार मंत्री हैं, आज तक उन्होंने छात्रों से जाकर मुलाकात नहीं कि… रघुवर दास ठीक कह रहे हैं कि जल्द से जल्द इसकी CBI की जांच होनी चाहिए।

तेजस्वी का केंद्र और बिहार सरकार पर हमला

बता दें कि कल बुधवार को तेजस्वी यादव ने दिल्ली में पार्टी के सांसदों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बिहार में छात्र प्रदर्शन के दौरान सीवान में एके-47 से हमले को लेकर बिहार और केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, कई दिनों से संसद सत्र चल रहा था और जो सबसे बड़ा मुद्दा जो था कि जिस तरह से छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गईं, बिहार की धरती पर जो हुआ, उसे पूरी दुनिया ने देखा।

तेजस्वी ने कहा कि, पहली बार ऐसी स्थिति बनी। इससे पहले भी पूरे देश में बड़े से बड़े आंदोलन हुए मगर आज तक किसी पर AK-47 सीने पर तानकर, खासतौर पर मासूम छात्र जो अपने अधिकार के लिए लड़ रहे थे, उन्हें निशाना बनाया गया। आखिर यह किसके आदेश पर हुआ?

19 अगस्त को राज भवन तक विरोध मार्च

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि, चाहे बिहार सरकार के मुख्यमंत्री हो या फिर देश के प्रधानमंत्री हो या गृह मंत्री अमित शाह, सभी ने मुंह में दही जमाने का काम किया है। इस मुद्दे पर लगातार विपक्ष और देश जानना चाहता है कि ऐसी घटना जहां छात्रों पर गोली चलाई जा रही हो, उसका गुनहगार कौन है?

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, जब मामला बढ़ा तो एक मामूली सिपाही को सस्पेंड करके पल्ला झाड़ने की बात हो गई। इससे साफ है कि ये लोग जवाब देने से इसलिए बच रहे हैं। क्योंकि इनकी चोरी पकड़ी गई। सवाल यह खड़ा होता है कि अब तक SP का निलंबन क्यों नहीं किया गया? हम लोगों ने निर्णय लिया है कि आने वाले 19 अगस्त को 11 बजे से हम सभी लोग पार्टी दफ्तर से राज भवन तक मार्च करेंगे।

ये भी पढ़ें- शराबबंदी पर आर-पार! विपक्ष के आरोपों पर भड़के मंत्री मदन साहनी, दो-टूक बोले- कानून तोड़ने वालों की खैर नहीं