कुंदन कुमार, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार के हत्या मामले को लेकर सीएम सम्राट चौधरी पर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी ने कहा कि, डेहरी में हुए कार्यपालक अधिकारी विमल कुमार की हत्या को लेकर पुलिस जो कुछ कह रही है। वह पूरी तरह से गलत है। उन्होंने कहा कि, सीधे-सीधे इस मामले में लोजपा के डेहरी विधायक सोनू सिंह पर आरोप है। पुलिस उस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
ड्राइवर बार-बार बदल रहा बयान- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि, उनके परिवार से हम मिले…बात किया। उनके साथ जो ड्राइवर था, वो जो बयान दिया है, उससे लगातार बदल रहा है। कभी कहता है दो आदमी अपाची बाइक से आया तो कभी कहता है कि कुछ और हुआ। पुलिस कहती है कि ड्राइवर को छुट्टी नहीं मिला। इसलिए गुस्से में आकर उसने इस घटना का अंजाम दिया। ड्राइवर की बीबी कहती है पुलिस के दबाव में मेरे पति ने ये बयान दिया है, जबकि घटना को लेकर जो आरोप है। वह विधायक पर है। पुलिस उस पर फोकस करके कारवाई क्यों नहीं कर रही है?
विधायक को बचा रही सरकार- तेजस्वी
तेजस्वी ने कहा कि, सरकार विधायक को बचाना चाहती है, जो कि गलत है। उन्होंने कहा कि, सम्राट सरकार में ऐसी दो घटनाएं हुई हैं, जिसकी जांच ठीक ढंग से नहीं हो रही है। इस हत्याकांड की जांच सरकार को ठीक से करना होगा। क्योंकि इसमें लोजपा विधायक का नाम है। हम सरकार से मांग करेंगे कि सही जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दे।
पत्नी ने डेहरी विधायक पर लगाया है गंभीर आरोप
आपको बता दें कि ईओ विमल कुमार की पत्नी बबीता ने डेहरी के वर्तमान विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि, डेहरी के लोजपा (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह उनके पति से कभी 25 तो कभी 50 लाख रुपए की डिमांड करते थे। विधायक रात दिन उन्हें फोन कर परेशान करते थे।
पत्नी बबीता ने कहा कि, विधायक के प्रताड़ना से उनके पति काफी तनाव में रहते थे। उन्होंने इस हत्याकांड की नार्को टेस्ट कराने की मांग की है तथा डेहरी के विधायक पर लगातार फोन कर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने डेहरी के विधायक को लेकर कई आशंकाएं भी व्यक्त की है।
ड्राइवर ने कबूली हत्या की बात, गिरफ्तार
उधर दूसरी ओर पुलिस ने मामले में ईओ विमल कुमार के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ड्राइवर ने ही कार्यपालक अधिकारी की लोहे के राड से हमला कर उनकी हत्या कर दी और बाद में पुलिस को यह सूचना दी की बाइक सवार अपराधियों ने हमला कर ईओ की हत्या की है। पुलिस के मुताबिक ड्राइवर और ईओ अधिकारी के बीच अच्छे रिश्ते नहीं थे और पहले भी दोनों में झगड़े हो चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- नालंदा में EOU की बड़ी कार्रवाई: 9 साल बाद साइबर अपराध के चर्चित आरोपी संटु सिंह को किया गिरफ्तार


