Bihar Crime: राजधानी पटना में कल रविवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलर्स ‘श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स’ की दुकान से लगभग 20 लाख के गहने लूटकर फरार हो गए थे। घटना को हथियार से लैस पांच बदमाशों ने अंजाम दिया था। लूट के दौरान उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था। इस दौरान उन्होंने दुकानदार के साथ मारपीट भी की और दुकान में मौजूद ग्राहकों को भी बंधक बनाए रखा। लूट की इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर तंज कसा है।

‘बीजेपी का सीएम बनते ही अपराधियों की मौज’

तेजस्वी यादव ने लूट की घटना का सीसीटीवी फुटेज शेयर करते हुए लिखा कि, पटना में सोने की बड़ी लूट! उन्होंने कहा कि, बिहार में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधियों की मौज। अब नए नवेले मुख्यमंत्री जुबान से ही अपराध खत्म कर देंगे या फिर अपराधियों को खोजने से पूर्व उनकी जाति ढूंढेंगे, तदनुसार प्रतिकूल और अनुकूल बयान जारी किया जाएगा।

दुकानदार के सिर पर किया वार

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे ज्वेलर्स की दुकान में पहले से ही तीन ग्राहक मौजूद है। इस बीच अचानक बदमाश हेलमेट पहने दुकान में घुसते हैं और दुकानदार पर पिस्टल तानते हुए दुकान में रखे गहने को इकट्ठा करने लगते हैं। दुकानदार के विरोध करने पर बदमाश पिस्टल के बट से उसके सिर पर कई बार वार भी करता है। इस बीच पीड़ित दुकानदार धनंजय कुमार किसी तरह चिल्लाते हुए दुकान से बाहर भागता है, जिसके तुरंत बाद सभी बदमाश गहनों से भरे कई डिब्बे लेकर फरार हो जाते हैं।

20 लाख से अधिक की लूट

बताया जा रहा है कि लूट की घटना को पांच बदमाशों ने अंजाम दिया है। वे सभी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। घटना के समय 3 बदमाश दुकान के अंदर ग्राहक व दुकानदार को बंधक बनाकर लूट कर रहे थे। वहीं, उसके दो साथी बाहर बाइक पर उनका इंतजार कर रहे थे। पीड़ित दुकानदार धनंजय कुमार ने बताया की अपराधी लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात और 3 किलो चांदी लेकर लूटकर फरार हुए हैं। बाजार में इनकी कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

छानबीन में जुटी पुलिस

वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रामकृष्ण नगर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। वहीं, मौके पर सदर एसडीपीओ रंजन कुमार दल-बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने दावा किया है कि अगले 24 घंटों के भीतर मामले का खुलासा कर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- चिलचिलाती धूप से बेहाल हुआ बिहार, कई शहरों में 40°C के पार पहुंचा पारा, जानें कब मिलेगी राहत?