Bihar News: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सीएम सम्राट चौधरी पर करारा तंज कसा है। दरअसल BRICS सम्मेलन में बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर तेजस्वी ने चुटकी लेते हुए कहा कि, शायद मुख्यमंत्री को इस वजह से नहीं बुलाया गया कि कहीं वह रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी कुछ ऐसा न कह दें, जैसा उन्होंने पहले विधानसभा अध्यक्ष के संदर्भ में कहा था।

‘पुतिन से भी कह देते, व्याकुल मत हो’

तेजस्वी ने सीएम सम्राट पर तंज कसते हुए कहा कि, अगर सम्राट चौधरी मंत्री रहते हुए विधानसभा अध्यक्ष से इस तरह की टिप्पणी कर सकते हैं, तो संभव है कि BRICS सम्मेलन में पहुंचकर पुतिन से भी कह देते, ‘व्याकुल मत हो।’ गौरतलब है कि सीएम सम्राट चौधरी का बिहार विधानसभा से जुड़ा एक वीडियो समय-समय पर वायरल होता रहता है, जिसमें वह उस समय विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को जवाब देते हुए यह कहते हुए नजर आए थे कि, ‘सभी सवालों का जवाब दिया गया है, ज्यादा व्याकुल नहीं होना है।’

बाढ़ को लेकर जाहिर की अपनी चिंता

तेजस्वी यादव ने इस दौरान बिहार में बाढ़ की स्थिति पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए केंद्र और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि, बाढ़ से 45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। उन्होंने पीएम मोदी को चिट्टी लिखा और इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की। सीएम सम्राट चौधरी को कई बार पत्र लिखा। लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। तेजस्वी ने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा कि, बिहार में डबल इंजन की सरकार है, लेकिन ऐसा लगता है कि दोनों इंजन में ही आग लगी हुई है।

बिहार के साथ हो रहा सौतेला व्यवहार- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से कहा कि, बिहार का खजाना खाली हो चुका है। तेजस्वी ने यह दावा किया कि जून में आकस्मिक निधि से करीब 3 से 4 हजार करोड़ रुपये निकाले गए थे। उनका इस्तेमाल आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए किया जाना चाहिए था। तेजस्वी ने कहा कि, केंद्र में बिहार से 7 मंत्री हैं। सबसे ज्यादा एमपी है, लेकिन किसी में हैसियत नहीं की वे स्पेशल पैकेज लाए। केंद्र में किसी की कोई नहीं सुनता है। सभी बेकार हैं। बिहार के सांसदों से क्या मिला? पहले लालू यादव ने विशेष पैकेज दिलाया। लेकिन बिहार के साथ अभी सौतेला व्यवहार हो रहा है। गुजरात में पानी बरसे तो आपदा। उन्होंने कहा कि, 23 जुलाई 2026 को गुजरात में बाढ़ आया तो वहां पर NDRF-SDRF लगा दिया गया। लेकिन बिहार के साथ सौतला व्यवहार? आने वाले समय में बिहारी लोग इसे इग्नोर नहीं करेंगे।

ये भी पढ़ें- शिक्षा के क्षेत्र में CM सम्राट की बड़ी पहल, ट्रेनिंग लेने विदेश जाएंगे बिहार के 100 शिक्षक