Vijaya Dashami 2026: देशभर में आज विजयादशमी का पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रदेशवासियों को बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतिक विजयादशमी की बधाई दी है। तेजस्वी ने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट के जरिए अपने बधाई संदेश में लिखा, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयादशमी एवं दशहरा की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।
इस दौरान उन्होंने बिहार की सम्राट सरकार पर भी तंज कसा। तेजस्वी ने कहा कि, बेरोज़गारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन बिहार को अंदर से खोखला कर रहा है।
बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि, प्रति व्यक्ति आय में बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य बना हुआ है। अच्छे स्कूल, सड़क, अस्पताल इत्यादि जैसी बुनियादी सुविधाओं से भी बिहार का एक बहुत बड़ा वर्ग वंचित है। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार लगभग 04 करोड़ बिहारवासी हर साल काम के अभाव में पलायन करते हैं। भरपूर पोषण और संतुलित आहार की कमी से देश भर में हमारे बिहार की माताओं, बहन-बेटियों में खून की सबसे अधिक कमी है तथा सबसे अधिक बच्चे बौनेपन के शिकार हैं। पिछले कुछ दिनों में सड़कों पर बेटियों के साथ हो रही दरिंदगी और कानून व्यवस्था का जनाजा तो पूरे देश ने देखा।
बेरोजगारी और गरीबी हटाने का संकल्प
तेजस्वी यादव ने आगे कहा, इस दशहरा हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि बिहार से बेरोज़गारी, अशिक्षा, गरीबी, पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार, अफसरशाही, बाढ़, सुखाड़ और कुशासन रूपी दशानन का दहन करेंगे तथा पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई एवं कार्रवाई वाली एक सुदृढ़ व्यवस्था की नींव रखेंगे। हर हाथ को काम मिले और हर घर फूले-फले। नेता प्रतिपक्ष ने अंत में एक बार फिर से बिहार की देवतुल्य जनता के लिए मंगलकामनाओं सहित आप सभी को पुनः विजयादशमी एवं दशहरा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
ये भी पढ़ें- ‘यह गांधी का देश है…’, मोहन भागवत के रिजीम चेंज वाले बयान पर RJD सांसद मनोज झा का पलटवार

