कुंदन कुमार, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बयान देते हुए एनडीए सरकार को सीधी चुनौती दी है। उन्होंने साफ शब्दों में दावा किया है कि इस बार बांकीपुर विधानसभा सीट पर लालटेन जरूर जलेगी। तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार छात्रों और किसानों पर दमनकारी नीतियां अपना रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे अन्नदाताओं और युवाओं पर लाठियां और गोलियां बरसाई जा रही हैं, जो सरकार की तानाशाही रवैये को उजागर करता है।
छात्रों की गिरफ्तारी पर खड़े किए सवाल
तेजस्वी यादव ने छात्रों की हो रही लगातार गिरफ्तारियों को लेकर सरकार से तीखे सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार और छात्र संगठनों के बीच दिल्ली स्तर पर समझौता हो चुका है और मांगें मान ली गई हैं, तो फिर बिहार में छात्रों को क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है? उन्होंने इसे प्रशासन की बौखलाहट करार देते हुए कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने की यह साजिश किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दी जाएगी।
सम्राट चौधरी को दी कड़ी चेतावनी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम लिए बिना तेजस्वी ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह रवैया और छात्रों पर होने वाला अत्याचार सम्राट चौधरी और उनकी पार्टी को बहुत महंगा पड़ेगा। जनता और युवा इस अन्याय का हिसाब आने वाले चुनावों में जरूर चुकता करेंगे। तेजस्वी के इस आक्रामक तेवर से राज्य का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है और आने वाले दिनों में विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार को और अधिक घेरने की पूरी तैयारी में है।


