संजय पाटीदार, भोपाल। तेलंगाना विधायक और भाजपा के पूर्व नेता टी राजा सिंह को भोपाल में धर्मसभा करने की इजाजत नहीं मिली है। प्रशासन ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था समेत कई मामलों को इसकी वजह बताई है। इसके बाद कार्यक्रम कराने को लेकर अब हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है।  

31 मई को होना था धर्मसभा कार्यक्रम

दरअसल, भोपाल में 31 मई को  टी. राजा सिंह की प्रस्तावित धर्मसभा कार्यक्रम को जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इंकार कर दिया है। प्रशासन का मानना है कि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी, सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को देखते हुए अनुमति नहीं दी गई। 

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस ने भोपाल में टी. राजा सिंह की धर्म सभा को अनुमति नहीं मिलने के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता स्वदेश शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा गाय के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन जब गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाने वाली धर्मसभा की बात आई तो उसकी अनुमति नहीं मिली। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म और गौमाता के मुद्दे का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करती है। 

सभा के लिए हाईकोर्ट की शरण

हिंदू वादी नेता टी राजा की सभा के लिए हाई कोर्ट की शरण ली गई है। जबलपुर निवासी अतुल जसवानी ने याचिका दायर की है। उन्होंने भोपाल पुलिस को दो बार पत्र लिखने के बाद भी अनुमति न देने की बात कही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m