रेणु अग्रवाल, धार। सनातन प्रहरी संस्था द्वारा प्रस्तावित ‘वराह मार्च’ को लेकर मंगलवार को धार शहर में दिनभर गहमागहमी और तनाव का माहौल रहा। प्रशासन द्वारा मार्च की अनुमति निरस्त किए जाने के बावजूद आयोजक और कार्यकर्ता मार्च निकालने पर अड़े रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, वहीं एएसआई (ASI) ने संरक्षित लॉट मस्जिद / विजय कीर्ति मंदिर को भी एहतियातन आमजन के लिए बंद कर दिया था।

मार्च में शामिल होने जा रहे लोगों को गिरफ्तार किया

पीजी कॉलेज परिसर, लॉट मस्जिद और विजय कीर्ति मंदिर क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख चौराहों पर भारी पुलिस बल और वज्र वाहन तैनात रहे। पुलिस वाहन लगातार सायरन बजाते हुए शहर में पेट्रोलिंग करते नजर आए। दोपहर दो बजे प्रस्तावित वराह रैली में शामिल होने जा रहे कई युवक ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए शहर से निकले। त्रिमूर्ति चौराहे से पीजी कॉलेज की ओर जा रहे युवकों और पट्ठा चौपाटी पर पुलिस ने मार्च में शामिल होने जा रहे लोगों को रोककर गिरफ्तार किया। सुबह शुरुआती दौर में लगभग 8 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जो दोपहर होते-होते बढ़कर 30 से अधिक हो गया। अंततः पुलिस कार्रवाई के तहत कुल 75 से 80 लोगों को अभिरक्षा में लिया गया है।

थाने में गर्भवती महिला और पति से बर्बरताः SP ने TI समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड, एसआईटी गठित

शांति बनाए रखने एहतियाती कदम

मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सचिन शर्मा ने बताया कि कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। कहा- प्रशासन द्वारा वराह मार्च की अनुमति नहीं दी गई थी। नियमों का उल्लंघन कर मार्च में शामिल होने जा रहे 75 से 80 लोगों को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया है, जिनसे बॉन्ड ओवर भरवाया जाएगा। फिलहाल शहर में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल लगातार मुस्तैद रहेगा और किसी भी तरह की अशांति फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m