खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 माह का मासूम बच्चा और 19 वर्षीय युवती भी शामिल हैं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक जताया है।

अनियंत्रित ट्रक ने लोगों को रौंदा, पुलिया तोड़कर गड्ढे में गिरा

जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 9:30 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास हुआ। तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए पुलिया तोड़कर नीचे गड्ढे में जा गिरा।

बताया जा रहा है कि किसी दुर्घटना की आवाज सुनकर पास की कॉलोनी के लोग सड़क पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

मृतकों में 11 माह का बच्चा और 19 साल की युवती शामिल

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जयंती देवी, मानहु देवी, गोलू, तूती कुमारी, अंजलि कुमारी (19), पाको देवी (65) और 11 माह के सौरभ नायक के रूप में हुई है। एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से दो घायल बच्चों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं, अन्य घायलों को पुलिस वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों बच्चों को भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।

पीएम मोदी और CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख

खूंटी हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे में सात लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।