कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। उधारी के पैसों की वसूली को लेकर सूदखोरों की दबंगई का मामला सामने आया है। सिरोल थाना क्षेत्र में मृत कर्जदार के कथित जमानतदार पर पहले जानलेवा हमला किया गया,फिर उसके दोस्त का कार में अपहरण कर लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और करीब डेढ़ घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक मास्टरमाइंड,एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दो साल पहले 40 हजार रुपए उधार लिए थे

दरअसल सिरोल थाना पुलिस TI गोविंद बगोली के मुताबिक पीड़ित विवेक किरार के दोस्त यश सोलंकी ने करीब दो साल पहले आरोपी शिवम गुर्जर से 40 हजार रुपए उधार लिए थे। यश गोहद के पास ढाबा चलाता था, लेकिन करीब डेढ़ साल पहले सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। आरोप है कि यश की मौत के बाद शिवम गुर्जर लगातार विवेक से उधार की रकम मांग रहा था और उसे जमानतदार बताकर दबाव बना रहा था,पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने सिरोल हाईवे पर उसे घेरकर मारपीट की।

मास्टरमाइंड शिवम समेत 1 नाबालिग और 4 आरोपी गिरफ्तार

विरोध करने पर उसके साथी को जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही सिरोल थाना पुलिस ने जिलेभर में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की और करीब डेढ़ घंटे के भीतर अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड शिवम गुर्जर समेत एक नाबालिग और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और जानलेवा हमले सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का सूदखोरी का नेटवर्क और किन लोगों से जुड़ा हुआ है।

गोविंद बगौली -TI सिरोल थाना, ग्वालियर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m